पुणे :राज्य की महिला गन्ना मजदूरों को प्रसूति के दौरान छह महीने की सवेतन छुट्टी दिलाने के लिए राज्य स्तर पर प्रयास जारी हैं। इस संबंध में पुणे में विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोऱ्हे की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक नमिता मुंदडा सहित विभिन्न जिलों के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागों के प्रमुख शामिल हुए।बैठक में महिला गन्ना मजदूरों को प्रसूति अवधि में छह महीने की सवेतन छुट्टी देने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि, इस अवधि के वेतन का आधा हिस्सा चीनी मिलें और शेष आधा सरकार वहन करे। इस विषय पर एक अलग समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया।
नवंबर 2025 से फरवरी 2026 के गन्ना पेराई सत्र के दौरान जांच की गई 2 लाख 8 हजार 106 महिला गन्ना मजदूरों में से 7 हजार 302 महिलाएं गर्भवती पाई गईं, जिनमें से 5 हजार 79 का आधिकारिक पंजीकरण किया गया है। नए श्रम कानून में भी महिला गन्ना मजदूरों के लिए छह महीने की सवेतन प्रसूति अवकाश को शामिल करने पर चर्चा हुई। इस मुद्दे के समाधान के लिए 15 सदस्यीय राज्य स्तरीय समिति गठित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता डॉ. नीलम गोऱ्हे करेंगी। इसमें विधायक डॉ. मनीषा कायंदे, नमिता मुंदडा और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसके अलावा जिलास्तर पर भी आठ सदस्यीय समितियां बनाई जाएंगी, जिनके अध्यक्ष संबंधित जिलाधिकारी होंगे।
राज्य के अहिल्यानगर, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, पुणे, नासिक, यवतमाल, जलगांव सहित मराठवाड़ा के सभी जिलों में ‘मिशन साथी’ परियोजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत ऊसतोड़ महिलाओं को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि कार्यस्थल पर होने वाली चोटों का तुरंत इलाज किया जा सके।साथ ही ऊसतोड़ महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव भी रखा गया कि बिना जिला शल्य चिकित्सक की लिखित अनुमति के गर्भाशय नहीं निकाला जाएगा। बैठक में बताया गया कि, राज्य के 17 जिलों में करीब 2 लाख 73 हजार 382 गन्ना मजदूर हैं, जिनमें 1 लाख 24 हजार 757 महिलाएं शामिल हैं।


















