बेळगाव: राज्य में चीनी मिलों पर गन्ना उत्पादक किसानों का हजारों करोड़ रुपये का बकाया लंबित होने के कारण किसान संगठन आक्रामक हो गए हैं। इस मुद्दे को लेकर बड़े आंदोलन की आशंका जताई जा रही है। हाल ही में एक किसान संगठन ने चीनी आयुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया था, वहीं दूसरे संगठन ने जिलाधिकारी से मिलकर जल्द भुगतान की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। नियमों के अनुसार गन्ना आपूर्ति के 14 दिनों के भीतर किसानों के बैंक खातों में भुगतान करना अनिवार्य है, लेकिन कई चीनी मिलें इस नियम का पालन नहीं कर रही हैं। किसानों का आरोप है कि, गन्ना आपूर्ति के चार महीने बाद भी उन्हें भुगतान नहीं मिला है, जिससे वे आर्थिक संकट में फंस गए हैं। शादी-ब्याह, अगली फसल की तैयारी और रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करना किसानों के लिए मुश्किल हो रहा है।
कर्नाटक राज्य किसान संघ और हरित सेना ने चीनी आयुक्त कार्यालय के सामने आंदोलन किया था। वहीं, शनिवार को कृषि समाज किसान संगठन ने जिलाधिकारी मोहम्मद रोशन से मुलाकात कर बकाया भुगतान तुरंत करने की मांग की। संगठनों ने सरकार और संबंधित चीनी मिलों से तत्काल हस्तक्षेप कर किसानों का भुगतान कराने की अपील की है, अन्यथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। किसान संगठनों ने दावा किया की, राज्य के 81 चीनी मिलों पर लगभग 4756 करोड़ रुपये का गन्ना बकाया है। इनमें से अकेले बेळगाव जिले के 27 मिलों पर करीब 1554 करोड़ 47 लाख रुपये बकाया हैं।


















