लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब किसान घर बैठे ही गन्ना बीज की उपलब्धता से जुड़ी पूरी जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। यह व्यवस्था पहली बार लागू की गई है, जिससे किसानों को पारदर्शी और आसान सुविधा मिलेगी। गन्ना विकास विभाग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर गन्ना बीज से संबंधित सभी जानकारी लाइव कर दी है। अब किसान वेबसाइट पर “बीज” टैब पर क्लिक करके अपने क्षेत्र के नजदीकी चीनी मिल, सरकारी गन्ना बीज नर्सरी या बीज रखने वाले किसानों के पास उपलब्ध बीज की सटीक मात्रा और किस्म की जानकारी देख सकते हैं।
‘हिंदुस्तान’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस नई डिजिटल व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य किसानों को नजदीकी बीज उपलब्धता की जानकारी देना, बीज वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाना और बिचौलियों की भूमिका को समाप्त करना है। साथ ही, पोर्टल पर केवल प्रमाणित और अनुशंसित गन्ना किस्मों की जानकारी उपलब्ध होने से किसानों को धोखाधड़ी से भी राहत मिलेगी।अगर किसी किसान को ऑनलाइन पोर्टल इस्तेमाल करने में दिक्कत आती है, तो वे वेबसाइट पर दिए गए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर या अपने क्षेत्रीय गन्ना पर्यवेक्षक से संपर्क करके मदद ले सकते हैं।
प्रदेश की अपर मुख्य सचिव (चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास) वीणा कुमारी ने बताया कि गन्ना बुवाई के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए किसानों को स्वस्थ, रोगरोधी और उन्नत किस्म के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।इस पहल के तहत चीनी मिल, समितियों और किसानों के स्तर पर बीज उपलब्धता की जानकारी को सरल और सुलभ बनाने के लिए डिजिटल प्रणाली विकसित की गई है। अब किसान ऑनलाइन ही अपने नजदीकी बीज स्रोत, उपलब्ध किस्मों और उनकी मात्रा की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और अपनी जरूरत के अनुसार बीज का चयन कर सकते हैं।


















