महाराष्ट्र : गन्ना कटाई ठेकेदारों द्वारा वाहन मालिकों से हर साल 200 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी

सोलापुर: गन्ना कटाई मजदूर उपलब्ध कराने के नाम पर राज्य के वाहन मालिकों से हर साल 200 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी हो रही है, ऐसा आरोप सावकारग्रस्त शेतकरी समिति के जिला अध्यक्ष कांतिलाल नाईकनवरे ने लगाया है। इस मुद्दे को लेकर 13 अप्रैल को सोलापुर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने अनशन आंदोलन करने की चेतावनी भी उन्होंने दी है। वे पंढरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। इस दौरान ठगी के शिकार वाहन मालिक श्रीमंत गुरसाळे और महादेव सलगर भी उपस्थित थे।

नाईकनवरे ने बताया कि, सोलापुर जिले में बड़ी संख्या में चीनी मिलें हैं।गन्ना कटाई के लिए मिल मालिक वाहन मालिकों के साथ करार करते हैं। वाहन मालिक मजदूर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के ठेकेदारों (मुकादम) से संपर्क करते हैं और समझौता करते हैं। मजदूर समय पर मिलें, इसके लिए ठेकेदारों को पहले ही लाखों रुपये एडवांस दिए जाते हैं। लेकिन कई बार ये ठेकेदार न तो मजदूर उपलब्ध कराते हैं और न ही ली गई रकम वापस करते हैं, बल्कि फरार हो जाते हैं। जब वाहन मालिक शिकायत लेकर पुलिस के पास जाते हैं, तो पुलिस मामला दर्ज करने में टालमटोल करती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने आगे कहा कि, ठेकेदारों को अब कानून का कोई डर नहीं रह गया है, क्योंकि क़ानूनी समझौता होने के बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती। उल्टा, यदि वाहन मालिक अपनी रकम वसूलने की कोशिश करते हैं, तो स्थानीय पुलिस उन्हीं के खिलाफ मामला दर्ज कर देती है।उन्होंने बताया कि, श्रीमंत गुरसाळे के साथ अब तक 6 करोड़ रुपये की ठगी हुई है, जबकि महादेव सलगर को 75 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ऐसे सैकड़ों वाहन मालिकों को मिलाकर यह ठगी 200 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। नाईकनवरे ने यह भी आरोप लगाया कि चीनी मिलें ठेकेदारों या मजदूरों की कोई जिम्मेदारी नहीं लेतीं। लेकिन यदि मजदूर समय पर नहीं पहुंचते, तो वाहन मालिकों को नोटिस भेजी जाती है या उनके वाहनों को जब्त करने जैसी कार्रवाई की जाती है।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here