पुणे : राज्य के पेराई सत्र 2025-26 में चीनी उत्पादन में पहले तीन नंबर पर पश्चिम महाराष्ट्र की मिलें विराजमान है।आपको बता दे की, 7 अप्रैल तक राज्य के 210 चीनी मिलों ने कुल 10 करोड़ 44 लाख 19 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 9 करोड़ 90 लाख 30 हजार क्विंटल चीनी का उत्पादन किया। राज्य की औसत रिकवरी 9.48 प्रतिशत रही। इनमें से 191 मिलों ने सत्र समाप्त कर पेराई बंद कर दी है, जबकि 19 मिलें अभी भी चालू हैं। चीनी उत्पादन में पश्चिम महाराष्ट्र की कल्लाप्पाण्णा आवाडे जवाहर सहकारी शुगर फैक्ट्री, यशवंतराव मोहिते कृष्णा सहकारी शुगर फैक्ट्री और जरंडेश्वर शुगर मिल्स राज्य में पहले, दुसरे और तीसरे स्थान पर है। वहीं रिकवरी के मामले में फलटण स्थित दत्त इंडिया प्रा. लि. ने 17.74 प्रतिशत के साथ शीर्ष स्थान बनाए रखा।
प्रदर्शन में सहकारी मिलों का वर्चस्व
पेराई के मामले में निजी और सहकारी मिलों का योगदान लगभग समान रहा, लेकिन कुल प्रदर्शन में सहकारी चीनी मिलों ने बढ़त बनाई। गन्ना पेराई, चीनी उत्पादन और रिकवरी तीनों ही मानकों पर सहकारी मिलें निजी मिलों से आगे रहीं। निजी मिलों की संख्या अधिक (107 बनाम 103) होने के बावजूद कुल पेराई और उत्पादन में सहकारी क्षेत्र ने बाजी मारी। रिकवरी में भी सहकारी मिलों ने लगभग एक प्रतिशत की बढ़त बनाए रखी।
29 मिलों को बकाया एफआरपी पर नोटिस
पेराई सत्र 2025-26 के दौरान करीब 1,012 करोड़ रुपये के बकाया एफआरपी मामले में चीनी आयुक्तालय ने 29 चीनी मिलों को नोटिस जारी किए हैं। इस संबंध में 13 तारीख को सुबह 11:30 बजे चीनी संकुल में सुनवाई निर्धारित की गई है। 31 मार्च 2026 तक 80 प्रतिशत से कम एफआरपी भुगतान करने वाली 53 मिलों की सूची बनाई गई थी। इनमें से 24 मिलों की सुनवाई पहले ही पूरी हो चुकी है, जबकि शेष 29 मिलों को अब नोटिस भेजे गए हैं।
आरआरसी कार्रवाई की चेतावनी
इन 29 मिलों पर किसानों को देय एफआरपी की कुल राशि 3,074 करोड़ 33 लाख रुपये है। इसमें से 2,061 करोड़ 89 लाख रुपये किसानों के बैंक खातों में जमा किए जा चुके हैं, जबकि 1,012 करोड़ 44 लाख रुपये अभी भी बकाया हैं। ऊस नियंत्रण आदेश के अनुसार गन्ना आपूर्ति के 14 दिनों के भीतर एफआरपी भुगतान करना अनिवार्य है। देरी होने पर 15 प्रतिशत ब्याज लगाया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर राजस्व वसूली प्रमाणपत्र (आरआरसी) के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जिलावार बकाया एफआरपी वाली मिलें
बकाया एफआरपी वाले कारखानों में कोल्हापुर 3, सांगली 2, सोलापुर 3, सतारा 1, नासिक 1, परभणी 2, छत्रपति संभाजीनगर 3, लातूर 2, धाराशिव 3, जालना 1, नांदेड 1, हिंगोली 1, पुणे 1, नंदुरबार 1, अहिल्यानगर 1 और बीड जिले की 2 चीनी मिलें शामिल हैं।

















