नई दिल्ली : क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ICRA के अनुमानों के अनुसार, भारत में चीनी वर्ष 2026-27 के दौरान शुद्ध चीनी उत्पादन 280 से 290 लाख मीट्रिक टन (एमटी) रहने का अनुमान है। जबकि चीनी वर्ष 2025-26 में यह उत्पादन लगभग 276 लाख मीट्रिक टन रहा था। इस दौरान करीब 30 लाख मीट्रिक टन चीनी का उपयोग एथेनॉल उत्पादन के लिए किया गया था।
ICRA के अनुसार, चीनी वर्ष 2026-27 में एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का डायवर्जन नहीं होने की संभावना को देखते हुए घरेलू चीनी उत्पादन अपेक्षाकृत अधिक रहने की उम्मीद है। हालांकि, देश में चीनी की खपत लगभग 283 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। वहीं, चीनी वर्ष 2026-27 के अंत तक चीनी का क्लोजिंग स्टॉक 35 से 45 लाख मीट्रिक टन रहने की संभावना है। इसमें 10 लाख मीट्रिक टन के स्वीकृत आयात कोटे को भी शामिल किया गया है। इसकी तुलना में चीनी वर्ष 2025-26 के अंत में चीनी का स्टॉक 48 लाख मीट्रिक टन था।
ICRA के मुताबिक, अनुमानित क्लोजिंग स्टॉक देश की दो महीने की घरेलू खपत के लिए भी पर्याप्त नहीं होगा। यह पिछले वर्षों के दो से तीन महीने के सामान्य स्टॉक स्तर से कम है।एथेनॉल सप्लाई वर्ष 2026-27 (ESY2027) के पहले महीने में देश में 13 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि के उत्पादन से चार गुना से भी अधिक है। ICRA का मानना है कि, एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के उपयोग पर लगी रोक घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बनाए रखने में मददगार साबित होगी। खासकर ऐसे समय में जब चीनी का स्टॉक सीमित रहने की आशंका है।
नवंबर में घरेलू बाजार में चीनी के दाम बढ़े
ICRA के अनुसार, नवंबर 2026 में देश के प्रमुख बाजारों में चीनी की कीमतों में और तेजी दर्ज की गई। त्योहारों के दौरान मजबूत मांग और उत्तर प्रदेश में चीनी उत्पादन की धीमी गति के कारण कीमतों को समर्थन मिला।महाराष्ट्र में चीनी की कीमत अक्टूबर के 49.10 रुपये प्रति किलो से बढ़कर नवंबर में 51.40 रुपये प्रति किलो हो गई। वहीं, उत्तर प्रदेश में कीमत 51.10 रुपये से बढ़कर 54.80 रुपये प्रति किलो पहुंच गई।इसके परिणामस्वरूप देशभर में चीनी का औसत भाव अक्टूबर के 51 रुपये प्रति किलो से बढ़कर नवंबर में 54.70 रुपये प्रति किलो हो गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चीनी की कीमतों में तेजी
ICRA के विश्लेषण के अनुसार, अक्टूबर 2026 में अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चीनी की कीमतों में मजबूती देखने को मिली। कच्ची चीनी (रॉ शुगर) की कीमत अक्टूबर 2025 के 343 डॉलर प्रति मीट्रिक टन से बढ़कर अक्टूबर 2026 में 445 डॉलर प्रति मीट्रिक टन हो गई। सितंबर 2026 में यह कीमत 395 डॉलर प्रति मीट्रिक टन थी।इसी तरह, सफेद चीनी (व्हाइट शुगर) की कीमत अक्टूबर 2025 के 440 डॉलर प्रति मीट्रिक टन से बढ़कर अक्टूबर 2026 में 540 डॉलर प्रति मीट्रिक टन हो गई। सितंबर 2026 में इसकी कीमत 519 डॉलर प्रति मीट्रिक टन थी।हालांकि, सफेद और कच्ची चीनी के बीच कीमत का अंतर यानी व्हाइट शुगर प्रीमियम अक्टूबर 2025 के 97 डॉलर प्रति मीट्रिक टन से घटकर अक्टूबर 2026 में 94 डॉलर प्रति मीट्रिक टन रह गया।
एथेनॉल मिश्रण का अनुपात 20 प्रतिशत पर स्थिर
एथेनॉल क्षेत्र में भारत ने इथेनॉल सप्लाई वर्ष 2025-26 (ESY2026) के दौरान 20 प्रतिशत मिश्रण का लक्ष्य बनाए रखा। ICRA के अनुसार, इस सप्लाई वर्ष में तेल विपणन कंपनियों को कुल 1,089 करोड़ लीटर से अधिक इथेनॉल की आपूर्ति की गई। इसमें अक्टूबर 2026 के दौरान 102 करोड़ लीटर इथेनॉल की आपूर्ति शामिल है।


















