रायपुर : छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत चीनी वितरण को लेकर समस्या लगातार बनी हुई है।पत्रिका में प्रकाशित खबर के मुताबिक, कई राशन दुकानों में चीनी की आपूर्ति नहीं होने से हितग्राहियों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। वहीं कई कार्डधारकों की आईडी में चीनी वितरण का विकल्प भी नहीं दिख रहा, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। इसको लेकर उचित मूल्य दुकानों की ओर से बार-बार शिकायत की जा रही है। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि, सॉफ्टवेयर में तकनीकी गड़बड़ी के कारण चीनी का विकल्प नहीं दिख रहा होगा, जिसे जल्द ठीक कर वितरण शुरू किया जाएगा।
राशन दुकानों में चीनी की कमी का मुख्य कारण उत्पादन में गिरावट बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2025-26 में चीनी मिलों के लिए 12 लाख 64 हजार मीट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन इसके मुकाबले बहुत कम उत्पादन हो सका। इससे वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई है और आवश्यक भंडारण नहीं हो पाया है। प्रदेश में पंजीकृत कार्डधारकों के कोटे के अनुसार 40 प्रतिशत से भी कम चीनी का भंडारण राशन दुकानों में हो पाया है। इसके चलते अब तक 60 प्रतिशत से अधिक हितग्राहियों को चीनी नहीं मिल सकी है। नागरिक आपूर्ति निगम रायपुर के अधिकारियों के अनुसार मिलों से जितनी मात्रा में चीनी प्राप्त हो रही है, उसी के आधार पर मांग के अनुसार राशन दुकानों में भेजी जा रही है। मार्च माह के आवंटन के अनुसार भंडारण किया गया, लेकिन इस बार मिलों से बहुत कम आपूर्ति हुई है।















