सुवा : चीनी उद्योग मंत्री चरण जीत सिंह ने स्वीकार किया कि, सभी मिलें पुराणी होने के कारण उनका रखरखाव एक चुनौती बना हुआ है, जिनमें लाबासा मिल 140 वर्ष से अधिक पुरानी है। सिंह ने किसानों से आग्रह किया कि, वे मिल श्रमिकों को दोष न दें, जो संचालन को सुचारू रूप से चलाने के लिए लंबे समय तक काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हमारी रखरखाव टीम चौबीसों घंटे काम कर रही है, लेकिन पुर्जे अप्रत्याशित रूप से खराब हो जाते हैं। कुछ पुर्जों को आयात करना पड़ता है, और अब हम सहायता के लिए भारत से इंजीनियरों को लाने की सोच रहे हैं। साथ ही, हमें भारतीय कंपनियों से भी सहयोग मिल रहा है, जो अपने इंजीनियरों को उपलब्ध करा रही हैं।
मंत्री सिंह ने यह भी स्पष्ट रूप से याद दिलाया कि, किसानों को अनधिकृत गन्ने की किस्मों को चरणबद्ध तरीके से बंद करने के लिए दी गई तीन साल की मोहलत अवधि का यह अंतिम वर्ष है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि, अप्रमाणित गन्ने में सुक्रोज और रस की मात्रा कम होती है, और चेतावनी दी कि यदि किसान इस प्रकार की किस्में उपलब्ध कराते रहे तो मिलें उन्हें स्वीकार नहीं करेंगी। किसानों को प्रत्येक क्षेत्र के लिए उपयुक्त अनुमोदित किस्मों के गन्ने की पुनः रोपाई के लिए अनुदान प्रदान किया गया है। इस बीच, मंत्रालय का कहना है कि इस बदलाव को लागू करना फिजी के समग्र चीनी उत्पादन में सुधार और भविष्य में मिलों के अधिक कुशलता से संचालन को सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है।


















