उत्तर प्रदेश : अपर दोआब शुगर मिल ने 16 अप्रैल के लिए मिल बंदी का दूसरा नोटिस जारी किया

शामली: त्रिवेणी ग्रुप की अपर दोआब शुगर मिल ने गन्ना पेराई सत्र 2025-26 के तहत 16 अप्रैल को मिल बंद करने का द्वितीय नोटिस जारी किया है। मिल प्रशासन ने बताया कि, गन्ने की आवक लगातार कम रहने के कारण यह निर्णय लिया गया है। नोटिस सचिव प्रभारी, सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, शामली को भेजा गया है। मिल प्रबंधन के अनुसार किसानों की सभी कैलेंडर पर्चियां जारी होने के बावजूद मिल में गन्ने की आपूर्ति कम है, जिससे मिल कम क्षमता पर चल रही है और “नो केन” की स्थिति बन रही है। महाप्रबंधक (गन्ना) सतीश बालियान ने ‘हिंदुस्तान’ को बताया कि जिन किसानों के पास पर्ची से अधिक गन्ना शेष है, उनके लिए अतिरिक्त पर्चियों की व्यवस्था की गई है।

मिल प्रबंधन द्वारा किसानों से अपील की गई है कि, वे पर्ची के इंतजार में गन्ने की कटाई न रोकें और समय पर पूरा गन्ना मिल में सप्लाई करें। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्चियों की तिथि में पांच दिन की बढ़ोतरी भी की गई है, ताकि जिन किसानों की पर्ची की तारीख निकल चुकी है, वे भी पुरानी पर्ची पर गन्ना आपूर्ति कर सकें। मिल प्रशासन ने बताया कि 28 क्रय केंद्रों में से 14 केंद्र बंद किए जा चुके हैं, जबकि शेष 14 केंद्र भी आगामी दो दिनों में बंद कर दिए जाएंगे। किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे अपना संपूर्ण गन्ना मिल को ही उपलब्ध कराएं, जिससे उनका बेसिक कोटा बना रहे। साथ ही साफ-सुथरा, जड़ और पत्ती रहित गन्ना सप्लाई करने की सलाह दी गई है। मिल के अनुसार 12 अप्रैल तक 79.47 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जबकि 7 मार्च तक का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here