छत्रपति संभाजीनगर : गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने की मांग को लेकर छत्रपति संभाजीनगर जिले में माहौल गरमा गया है। गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर नाराज किसानों ने कन्नड़ स्थित बारामती एग्रो चीनी मिल का गन्ना क्रशिंग कार्य बंद करा दिया था। इसके बाद जिलाधिकारी, विधायक प्रशांत बंब, किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और चीनी मिल संचालकों के बीच बैठक कराने का आश्वासन मिलने पर आंदोलन वापस ले लिया गया था। इसी पृष्ठभूमि में बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय में गन्ने के दाम बढ़ाने को लेकर बैठक आयोजित की गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चली इस बैठक में गन्ने के मूल्य पर विस्तार से चर्चा हुई। हालांकि, पंचगंगा शुगर को छोड़कर किसी भी चीनी मिल ने किसानों की मांग के अनुरूप बढ़ी हुई पहली किस्त देने की तैयारी नहीं दिखाई। इसके चलते बैठक बिना किसी ठोस निर्णय के समाप्त हो गई।
किस चीनी मिल ने कितनी घोषित की पहली किस्त?
इस बैठक में जिले की पांच सहकारी और पांच निजी, कुल दस चीनी मिलों के चेयरमैन, प्रबंधक, जनरल मैनेजर, गन्ना आपूर्ति अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें संत एकनाथ सहकारी चीनी मिल (पैठण), रेणुकादेवी शुगर (विहामांडवा), बारामती एग्रो (कन्नड़), छत्रपति संभाजीराजे शुगर उद्योग, मुक्तेश्वर शुगर (धामोरी, गंगापुर), जय हिंद शुगर (गंगापुर), पंचगंगा शुगर (महालगांव, वैजापुर), देवगिरी सहकारी चीनी मिल (फुलंब्री), घृष्णेश्वर शुगर (गदाना) और खडकपूर्णा एग्रो (सिल्लोड) शामिल थे।
बैठक के दौरान कुछ प्रमुख चीनी मिलों ने अपनी पहली किस्त की दर घोषित की। संत एकनाथ चीनी मिल ने बताया कि उसकी उचित एवं लाभकारी कीमत (FRP) 2,490 रुपये है। मिल प्रबंधन ने 2,900 रुपये से अधिक पहली किस्त देना संभव नहीं होने की बात कही। वहीं, मुक्तेश्वर शुगर ने 3,100 रुपये, बारामती एग्रो ने 3,211 रुपये और छत्रपति संभाजीराजे चीनी मिल ने 3,001 रुपये प्रति टन पहली किस्त घोषित की। दूसरी ओर, पंचगंगा शुगर ने 3,315 रुपये प्रति टन पहली किस्त देने की घोषणा कर सबका ध्यान आकर्षित किया। बढ़ी हुई पहली किस्त घोषित करने वाली यह एकमात्र चीनी मिल रही। अन्य चीनी मिल संचालकों ने जनवरी का महीना बीतने के बाद गन्ने के अंतिम मूल्य पर विचार करने की बात कही। ऐसे में किसानों को अंतिम गन्ना मूल्य जानने के लिए अभी एक से डेढ़ महीने तक इंतजार करना पड़ सकता है।
किसान संगठनों द्वारा पहली किस्त 3,300 रुपये प्रति टन देने की मांग
जिले के गन्ना उत्पादक किसानों और विभिन्न किसान संगठनों ने बैठक में सभी चीनी मिलों से कम से कम 3,300 रुपये प्रति टन पहली किस्त देने की मांग की। हालांकि, चीनी मिल संचालकों ने अलग-अलग दरें घोषित कीं, जिससे किसानों की मांग को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। पंचगंगा शुगर ने 3,315 रुपये प्रति टन दर देने की घोषणा की। मिल के निदेशक कैप्टन प्रशांत माने और चेयरमैन प्रभाकर शिंदे ने बताया कि, इसके तहत शुरुआत में 3,200 रुपये दिए जाएंगे और इसके बाद 100-100 रुपये की किस्तों में शेष राशि देने की योजना है। शिंदे ने कहा, कुल 3,500 रूपये प्रति टन देने की योजना है। इस बीच, जले हुए गन्ने के मूल्य को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं होने से किसानों ने नाराजगी जताई। किसान प्रतिनिधियों ने यह आरोप भी लगाया कि कुछ चीनी मिल संचालक दूसरे कांटे पर वजन किए गए गन्ने की खरीद नहीं कर रहे हैं।बैठक में निवासी उपजिलाधिकारी जनार्दन विधाते और चीनी के सहसंचालक विशाल जाधवर भी उपस्थित थे।
15 दिनों में फिर होगी बैठक, गन्ने की रिकवरी की जांच की जाएगी
विधायक प्रशांत बंब ने बताया कि, बैठक के दौरान बारामती एग्रो के प्रतिनिधियों ने यह रुख अपनाया कि ‘जिन किसानों को संभव हो, वे ही हमारी चीनी मिल को गन्ना दें।’ इस बयान पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि, यदि किसी चीनी मिल को पहली किस्त घोषित नहीं करनी है तो वह ऐसा न करे, लेकिन इस तरह के बयान देकर किसानों का अपमान नहीं करना चाहिए। विधायक बंब ने बताया कि, जिले की सभी चीनी मिलों की पिछले और मौजूदा पेराई सत्र की चीनी रिकवरी की सहकारिता विभाग के माध्यम से जांच की जाएगी। इसके बाद वास्तविक रिकवरी के आधार पर पहली किस्त के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।इस संबंध में 15 दिनों बाद जिलाधिकारी कार्यालय में दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी।
‘किसान बचेगा, तभी हम भी बचेंगे’; पंचगंगा शुगर का रुख
पंचगंगा शुगर के चेयरमैन प्रभाकर शिंदे ने कहा कि, जिले में फिलहाल सूखे जैसी स्थिति है। अगले वर्ष सुपर एल नीनो की आशंका भी जताई गई है। जिन क्षेत्रों में पहले 50 टन गन्ने का उत्पादन होता था, वहां अब केवल 25 टन उत्पादन हो रहा है। इसके कारण किसान गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।उन्होंने कहा, “किसान बचेगा, तभी हम भी बचेंगे।” उन्होंने बताया कि उनकी चीनी मिल का पूरा कर्ज चुकाने में अभी दस साल और लग सकते हैं। इसके बावजूद किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाए रखना जरूरी है। इसी सोच के तहत उनकी मिल ने बढ़ी हुई पहली किस्त देने की घोषणा की है।


















