लखनऊ / सीतापुर : गन्ना पेराई मौसम 2026–27 के लिए गन्ना सर्वे नीति जारी कर दी गई है। सर्वे कार्य 1 मई से शुरू होकर 30 जून तक चलेगा। इसके लिए तीन सदस्यीय टीमें गठित की जाएंगी, जिनमें गन्ना विभाग, चीनी मिल और समिति के कर्मचारी शामिल होंगे। किसानों को सर्वे से तीन दिन पहले मोबाइल पर सूचना भेजी जाएगी। संदेश में टीम के सदस्यों के नाम और उनके मोबाइल नंबर भी दिए जाएंगे। सर्वे का काम गन्ना सूचना प्रणाली और जीपीएस युक्त मशीन के माध्यम से किया जाएगा। सर्वे के समय किसान का खेत पर मौजूद रहना अनिवार्य होगा।
जागरण में प्रकाशित खबर के अनुसार, सीतापुर जिले में गन्ने का रकबा लगभग सवा दो लाख हेक्टेयर है और करीब पौने चार लाख किसान गन्ने की खेती करते हैं। ये किसान जिले की छह चीनी मिलों—रामगढ़, जवाहरपुर, बिसवां, हरगांव, महमूदाबाद और कमलापुर—के साथ-साथ हरदोई की हरियावां, खीरी की अजबापुर व ऐरा तथा बाराबंकी की हैदरगढ़ चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति करते हैं। जिले में सीतापुर, हरगांव, बिसवां, महमूदाबाद, कमलापुर, महोली और रामगढ़ सहित सात गन्ना समितियां कार्यरत हैं, जिनसे किसान जुड़े हुए हैं।
गन्ना किसानों को घोषणापत्र भी जमा करना होगा, जिसे ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दिया जा सकता है। घोषणापत्र जमा न करने पर किसानों का सट्टा बंद किया जा सकता है। गन्ना आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए समय पर घोषणापत्र देना जरूरी बताया गया है। नए सत्र में कमलापुर चीनी मिल में पेराई शुरू होने जा रही है। इस मिल का सफल ट्रायल मार्च में हो चुका है। करीब 17 वर्ष से बंद पड़ी यह मिल नए सत्र में पूरी क्षमता से चालू होगी। कमलापुर मिल को पहले का गन्ना क्षेत्र मिलने की संभावना है।
मिल के अधिकांश गन्ना क्रय केंद्र फिलहाल हैदरगढ़ मिल को आवंटित हैं, जबकि कुछ हिस्से बिसवां, हरगांव और रामगढ़ को दिए गए हैं। नए सत्र को देखते हुए गन्ना क्षेत्र आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गन्ना आयुक्त की मंजूरी के बाद अंतिम आवंटन किया जाएगा।जिला गन्ना अधिकारी रत्नेश्वर त्रिपाठी ने ‘जागरण’ को बताया की, शासन से गन्ना सर्वे का रोस्टर जारी हो चुका है। 1 मई से 30 जून तक सर्वे होगा और संबंधित गांवों के किसानों को पहले ही मोबाइल पर सूचना दी जाएगी। तीन सदस्यीय टीम गन्ना सूचना प्रणाली के जरिए जीपीएस मशीन से सर्वे करेगी।


















