चीनी मिल में गन्ना गबन का मामला, बुलंदशहर में आठ तौल लिपिकों पर एफआईआर दर्ज

बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) : जिले की एक चीनी मिल में गन्ना खरीद और तौल में अनियमितता का मामला सामने आया है। मिल प्रबंधन ने कोतवाली नगर थाने में आठ संविदा तौल लिपिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, आरोप है कि पेराई सत्र 2025-26 के दौरान विभिन्न क्रय केंद्रों पर तैनात इन कर्मचारियों ने किसानों से खरीदे गए गन्ने की तुलना में कम मात्रा मिल को भेजी, जिससे गन्ने के गबन की आशंका पैदा हुई। नामजद किए गए तौल लिपिकों में सचिन कुमार, कुलदीप शर्मा, उमेश कुमार, वीरेंद्र सिंह, संदीप कुमार, पेसावा उर्फ सूरजपाल सिंह, दिगंबर तालान और रोबिन कुमार शामिल हैं।

मिल प्रबंधन के अनुसार, किसानों की शिकायतों के बाद कराई गई आंतरिक जांच में यह अनियमितता सामने आई। जांच में पाया गया कि खरीदे गए गन्ने के अनुपात में मिल को कम आपूर्ति की गई। प्रबंधन का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों की जमानत राशि और वेतन मिल के पास जमा है, लेकिन कथित गबन की अनुमानित रकम उससे काफी अधिक बताई जा रही है। मिल प्रशासन ने आशंका जताई है कि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसे और मामले सामने आ सकते हैं। इसलिए नामजद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।मामले के सामने आने के बाद गन्ना किसानों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here