नई दिल्ली : केंद्र सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने साल 1966 के गन्ना नियंत्रण आदेश की जगह एक नया मसौदा तैयार किया है। कृषि भवन, नई दिल्ली से 20 अप्रैल 2026 को जारी एक कार्यालय ज्ञापन में विभाग ने कहा है कि चीनी क्षेत्र में हुई तकनीकी तरक्की को देखते हुए मौजूदा गन्ना नियंत्रण आदेश 1966 में बड़े बदलाव जरूरी हो गए हैं, इसलिए एक नया मसौदा तैयार किया गया है जिसे गन्ना नियंत्रण आदेश 2026 कहा जाएगा। सभी संबंधित पक्षों से 20 मई 2026 तक अपने सुझाव और टिप्पणियां देने को कहा गया है।
नए मसौदे में गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य यानी एफआरपी तय करने के तरीके में कुछ अहम बदलाव किए गए हैं। इसके तहत गन्ने की उत्पादन लागत, किसानों को वैकल्पिक फसलों से मिलने वाला मुनाफा, उपभोक्ताओं को वाजिब दाम पर चीनी की उपलब्धता, गन्ने से चीनी की रिकवरी दर और उपोत्पादों जैसे कि शीरा, बगास तथा प्रेस मड की बिक्री से होने वाली आमदनी को ध्यान में रखा जाएगा। इसके अलावा जब कोई चीनी मिल गन्ने के रस, चीनी या शीरे से सीधे एथेनॉल बनाती है तो हर 600 लीटर एथेनॉल को एक टन चीनी उत्पादन के बराबर माना जाएगा।
भुगतान के नियमों को भी सख्त किया गया है। मसौदे के अनुसार गन्ना आपूर्ति की तारीख से 14 दिनों के अंदर किसानों को भुगतान करना अनिवार्य होगा।यदि कोई चीनी मिल इस समयसीमा में भुगतान नहीं करती है, तो उसे बकाया राशि पर 15 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से ब्याज देना होगा। यदि कोई मिल बकाया चुकाने में चूक करती है तो संबंधित जिले के कलेक्टर को यह प्राधिकार होगा कि वह इस बकाया को भू राजस्व की बकाया की तरह वसूल करें।
नए मसौदे में यह भी स्पष्ट किया गया है कि, किसी भी मौजूदा चीनी मिल से 25 किलोमीटर के दायरे में कोई नई चीनी मिल नहीं लगाई जा सकती।राज्य सरकार केंद्र की मंजूरी से इस दूरी को 25 किलोमीटर से अधिक भी कर सकती है। नई मिल लगाने के लिए औद्योगिक उद्यमी ज्ञापन यानी आईईएम दाखिल करने के साथ अनुसूचित बैंक से 2 करोड़ रुपये की परफॉर्मेंस बैंक गारंटी देनी होगी। यह गारंटी तब वापस होगी जब मिल निर्धारित समय में व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर दे। यदि मिल का निर्माण किसी अदालती स्थगन या कोविड महामारी की वजह से रुका रहा हो तो समय सीमा में राहत का भी प्रावधान किया गया है।
मसौदे में खंडसारी चीनी की परिभाषा भी दी गई है। इसके अनुसार खंडसारी चीनी दो प्रकार की होगी जिसमें देसी किस्म में सुक्रोज की मात्रा कम से कम 93 प्रतिशत और सल्फर किस्म में कम से कम 96.5 प्रतिशत होनी चाहिए। इसी तरह चीनी मिल की परिभाषा में अब उन संयंत्रों को भी शामिल किया गया है जो गन्ने के रस, शीरे या चीनी से सीधे एथेनॉल का उत्पादन करते हैं।
सूचना देने के नियमों को भी अधिक पारदर्शी बनाया गया है। नए आदेश के तहत चीनी मिलों और डीलरों को डिजिटल माध्यमों तथा एपीआई के जरिए सरकारी एजेंसियों को जानकारी देना अनिवार्य होगा हालांकि यह डेटा किसी तीसरे पक्ष के साथ साझा नहीं किया जाएगा। यह नया आदेश अधिसूचना जारी होने की तारीख से ही लागू माना जाएगा और 1966 का पुराना आदेश पूरी तरह रद्द हो जाएगा।















