उत्तर प्रदेश : गन्ना किसानों के लिए चेतावनी: यूरिया का अत्यधिक प्रयोग बना ‘धीमा जहर’, लागत और बीमारियां दोनों बढ़ीं

मेरठ : पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गन्ने की खेती पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान (ICAR-IIFSR) द्वारा किए गए एक हालिया सर्वे में खुलासा हुआ है कि यूरिया के “ओवरडोज” के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान और फसलों को गंभीर बीमारियां झेलनी पड़ रही हैं। भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, संस्थान द्वारा वर्ष 2023-24 और 2024-25 के डेटा विश्लेषण में पाया गया कि, पश्चिमी यूपी की जलवायु के हिसाब से प्रति हेक्टेयर 325 किलोग्राम यूरिया पर्याप्त है। इसके विपरीत, किसान अपनी उपज बढ़ाने के चक्कर में इससे दोगुना या उससे भी अधिक यूरिया खेतों में डाल रहे हैं।

भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, सर्वेक्षण में पाया गया कि गन्ना किसान आमतौर पर प्रति हेक्टेयर क्षेत्र में ₹10,000 से ₹12,000 तक रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग करते हैं। वहीं, कीड़े और बीमारियों के नियंत्रण के लिए रासायनिक दवाओं पर प्रति हेक्टेयर ₹15,000 से ₹25,000 तक खर्च करते हैं। इस असंतुलित खर्च का मुख्य कारण गन्ने की फसल में यूरिया का अंधाधुंध प्रयोग है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कृषि जलवायु परिस्थितियों के लिए लगभग 325 किलोग्राम यूरिया प्रति हेक्टेयर प्रयोग करने की संस्तुति की जाती है। हालांकि, क्षेत्र के अधिकांश किसान इस अनुशंसित मात्रा से दोगुना या उससे भी अधिक यूरिया प्रति हेक्टेयर की दर से प्रयोग करते हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

यूरिया के अत्यधिक उपयोग से गन्ना अधिक शाकीय और रसयुक्त हो जाता है। इसके परिणामस्वरूप, चोटी वेधक (टॉप बोरर) जैसे कीड़ों और पोखा बोईंग तथा लाल सड़न जैसे रोगों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इससे निपटने के लिए किसान भाई कीड़ों के नियंत्रण पर तीन से चार बार और बीमारियों के नियंत्रण हेतु एक से दो बार रासायनिक दवाओं का प्रयोग करते हैं। कुल मिलाकर, प्रति फसल चार से छह बार रासायनिक दवाओं का प्रयोग सामान्य बात बन गई है। इन रासायनिक दवाओं पर प्रति हेक्टेयर कुल खर्च लगभग ₹25,000 तक पहुंच जाता है। यूरिया का दोगुना या इससे भी अधिक उपयोग न केवल इस उर्वरक का नुकसान करता है, बल्कि कीड़ों और बीमारियों के प्रकोप को भी बढ़ाता है।

बढ़ते प्रकोप से निपटने के लिए किसान रासायनिक दवाओं का प्रयोग बढ़ाते हैं, जिससे पूरे उत्पादन का खर्च कई गुना बढ़ जाता है। क्षेत्र के अधिकांश किसान पेस्टिसाइड डीलरों के माध्यम से खेती-बाड़ी की दवाइयां खरीदते हैं। ये डीलर अपने लाभ को बढ़ाने के लिए अक्सर एक आवश्यक दवा की जगह तीन-तीन दवाइयां और पोषक तत्व किसानों को दे देते हैं, जिससे किसानों का खर्च और बढ़ जाता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here