बरेली (उत्तर प्रदेश ) : जिले में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पिछले दो सालों से अपनी मेहनत की कमाई के लिए भटक रहे किसानों ने अब प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। भुगतान में हो रही देरी से नाराज किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सामाजिक संस्था के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की।
किसानों की आवाज उठाते हुए संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के इस आर्थिक शोषण के लिए केवल चीनी मिल मालिक ही नहीं, बल्कि गन्ना समिति भी समान रूप से जिम्मेदार है। आरोप है कि समिति ने मिल प्रबंधन पर जानबूझकर कमजोर धाराओं में कानूनी कार्रवाई की, जिसका फायदा दोषियों को मिल रहा है और किसान न्याय से वंचित हैं।
वर्तमान में लगभग 24 हजार किसान इस भुगतान संकट की मार झेल रहे हैं, जिससे उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि प्रशासन और मिल प्रबंधन के बीच की साठगांठ की वजह से नीलामी प्रक्रिया को बाधित किया गया है, जिससे उनके पैसे और अधिक अटक गए हैं। कई बार उच्चाधिकारियों को सूचित करने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से किसानों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। किसानों ने प्रशासन को दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनके बकाया पैसों का भुगतान नहीं किया गया, तो आगामी 27 अप्रैल को नवाबगंज तहसील में एक विशाल जन-आंदोलन किया जाएगा।


















