मुंबई: लगातार तीन वर्षों से बंद और आर्थिक संकट से जूझ रही सहकारी चीनी मिलों को ऋण देने से राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) ने इनकार कर दिया है।राज्य सरकार ने कुल 14 चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए एनसीडीसी को प्रस्ताव भेजा था, जिनमें से सात मिलों को फिलहाल ऋण नहीं मिलेगा। राज्य सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में श्री भोगावती सहकारी चीनी मिल (कोल्हापुर), श्री दूधगंगा वेदगंगा सहकारी चीनी मिल (कोल्हापुर), तात्यासाहेब कोरे वारणा सहकारी चीनी मिल (कोल्हापुर), क्रांतिअग्रणी डॉ. जी.डी. बापू लाड सहकारी चीनी मिल (सांगली), मुला सहकारी चीनी मिल (अहिल्यानगर), अजिंक्यतारा सहकारी चीनी मिल (सातारा) और लोकनेते सुंदररावजी सोलंके सहकारी चीनी मिल (बीड) के ऋण प्रस्ताव मंजूर किए गए हैं।
प्रस्ताव खारिज करने के कारण…
कम भागभांडवल, आर्थिक अनियमितताएं, लगातार तीन वर्षों का नुकसान, पूर्व में लिए गए ऋण के बावजूद सुधार न होना, ऋण पुनर्भुगतान का कम प्रतिशत, मिलों को किराये पर चलाना, एफआरपी राशि और सरकारी बकाया जैसे कारणों से सात मिलों के प्रस्ताव खारिज किए गए। इनमें रामेश्वर सहकारी चीनी मिल (जालना), श्री विठ्ठलसाई सहकारी चीनी मिल (धाराशिव), रावसाहेबदादा पवार घोडगंगा सहकारी चीनी मिल (पुणे), श्री सिद्धेश्वर सहकारी चीनी मिल (सोलापुर), कर्मयोगी कुंडलिकराव जगताप पाटील कुकडी सहकारी चीनी मिल (अहिल्यानगर), श्री छत्रपति सहकारी चीनी मिल (पुणे) और राजगड सहकारी चीनी मिल (पुणे) शामिल हैं।
सहकार मंत्री बोले, फिर भेजेंगे प्रस्ताव
राज्य के सहकारी चीनी मिलों की पेराई क्षमता बढ़ाने, आर्थिक संकट में फंसी मिलों को कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराने, एथेनॉल एवं सह-उत्पाद परियोजनाओं की स्थापना तथा आधुनिकीकरण के लिए एनसीडीसी दीर्घकालीन ऋण प्रदान करता है।सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटील ने ‘लोकसत्ता’ को बताया कि, कुछ मिलों के प्रस्तावों में त्रुटियां हैं, जिन्हें दूर कर दोबारा ऋण प्रस्ताव भेजे जाएंगे।


















