पुणे : महाराष्ट्र के चीनी सीजन 2025-26 में राज्य की कुल 209 चीनी मिलों ने 31 मार्च 2026 तक 1,042.27 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की। 15 अप्रैल 2026 को जारी चीनी आयुक्तालय की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में कुल 2,130 करोड़ की एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) बकाया है और 117 मिलें शत प्रतिशत भुगतान करने में नाकाम साबित हुई है। हालांकि, 63 चीनी मिलों ने किसानों को एफआरपी से अधिक राशि का भुगतान किया है।राज्य में कुल देय सकल एफआरपी 40,327 करोड़ थी, जबकि वास्तविक भुगतान 38,197 करोड़ किया गया है। भुगतान का प्रतिशत 94.72% रहा। वहीं 5 मिलों ने 50% से भी कम एफआरपी भुगतान किया है, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ी है।
बकाया की स्थिति के बावजूद राज्य की 63 चीनी मिलों ने कानूनी एफआरपी से अधिक भुगतान किया है। अतिरिक्त एफआरपी देने वाली मिलों में कोल्हापुर (13), सोलापुर (10), सातारा (9), पुणे (9) और अहिल्यानगर (7) जिले अग्रणी रहे।प्रदेश के विभिन्न किसान संगठनों ने भुगतान में विफल मिलों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। गन्ना नियंत्रण कानून के अनुसार समय पर एफआरपी भुगतान न करने पर संबंधित मिलों पर दंडात्मक कार्रवाई करने का अधिकार चीनी आयुक्त को है।

















