बिजनौर: गन्ने का रकबा और उत्पादन बढ़ाने के लिए बिजनौर जिले की चीनी मिलें इस बार एफआईआरबीपी / FIRBP (फरो इरिगेटेड रेज्ड बेड प्लांटर) तकनीक से गेहूं की बुवाई कराने की तैयारी कर रही हैं। जागरण में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस तकनीक की खासियत यह है कि गेहूं की फसल की कटाई से पहले ही खेत में गन्ने की बुवाई की जा सकती है। पिछले साल जिले में केवल बरकातपुर चीनी मिल ने इस तकनीक का परीक्षण किया था। इस बार बरकातपुर चीनी मिल अपने क्षेत्र में गेहूं की शत-प्रतिशत बुवाई इसी पद्धति से कराने की योजना बना रही है।
गन्ना और गेहूं जिले के किसानों की प्रमुख फसलें हैं। पिछले तीन-चार वर्षों से किसान गन्ने की कम पैदावार की समस्या से जूझ रहे हैं। गन्ने की 0238 प्रजाति में बीमारी लगने के कारण किसान अब नई किस्मों और आधुनिक खेती की तकनीकों को अपना रहे हैं।आमतौर पर किसान गेहूं की कटाई के बाद गन्ने की बुवाई करते हैं। इससे गन्ने की फसल को मानसून से पहले पर्याप्त समय नहीं मिल पाता और उत्पादन प्रभावित होता है। गन्ने को बढ़वार के लिए अधिक समय देने के उद्देश्य से बरकातपुर चीनी मिल ने पिछले साल एफआईआरबीपी तकनीक के माध्यम से गेहूं की बुवाई का प्रयोग किया था।
इस तकनीक में लेजर आधारित उपकरण की मदद से खेत में नालियां तैयार की जाती हैं। एक नाली से दूसरी नाली के बीच लगभग साढ़े चार फीट चौड़ा बेड बनाया जाता है। इसी उपकरण की मदद से बेड पर निर्धारित कतारों में गेहूं की बुवाई की जाती है। दो बेड के बीच लगभग छह इंच की जगह खाली रहती है, जहां गेहूं नहीं बोया जाता। इसी खाली जगह में फरवरी के दौरान आसानी से गन्ने की बुवाई की जा सकती है।
सामान्य तरीके से खेती करने पर गेहूं का उत्पादन साढ़े तीन से चार क्विंटल प्रति बीघा तक होता है। नई तकनीक से गेहूं की पैदावार में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। मई में गन्ने की बुवाई करने पर सामान्यतः उत्पादन करीब 40 क्विंटल प्रति बीघा तक रहता है। वहीं, एफआईआरबीपी पद्धति से फरवरी या मार्च में गेहूं के खेत में ही गन्ने की बुवाई करने पर उत्पादन 70 से 80 क्विंटल प्रति बीघा तक पहुंचने का अनुमान है। बरकातपुर चीनी मिल ने पिछले वर्ष इस तकनीक से 800 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की बुवाई कराई थी। इस बार जिले की अन्य चीनी मिलें भी एफआईआरबीपी तकनीक के माध्यम से गन्ने की बुवाई को बढ़ावा दे रही हैं।
नई तकनीक से खेती की लागत में भी होगी बचत
एफआईआरबीपी तकनीक का एक बड़ा फायदा यह है कि गेहूं की बुवाई के समय ही खेत को गन्ने की बुवाई के लिए भी तैयार कर लिया जाता है। इससे गेहूं की कटाई के बाद गन्ने की बुवाई के लिए खेत दोबारा तैयार करने की जरूरत नहीं पड़ती। इस तरह खेत की तैयारी पर होने वाला अतिरिक्त खर्च बच जाता है। कम लागत में गेहूं की कटाई से पहले ही गन्ने की बुवाई संभव हो जाती है।
बरकातपुर चीनी मिल के संयुक्त अध्यक्ष नरपत सिंह ने कहा कि किसानों ने गन्ने की खेती में ट्रेंच विधि अपनाई तो उत्पादन में बढ़ोतरी हुई। अब किसानों को गेहूं की खेती में भी नई तकनीक अपनानी चाहिए। इससे गन्ने की बुवाई करीब दो महीने पहले हो सकेगी, जिसका सकारात्मक असर उत्पादन पर पड़ेगा और फसल बेहतर होगी।


















