नई दिल्ली : केंद्र सरकार गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए करीब छह दशक पुराने शुगरकेन कंट्रोल ऑर्डर 1966 की जगह नया शुगरकेन कंट्रोल ऑर्डर 2026 ड्राफ्ट लेकर आई है, जिस पर 20 मई तक सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। शुगरकेन कंट्रोल ऑर्डर 2026 में चीनी मिलों के लिए गन्ना खरीद के 14 दिनों के भीतर किसानों को पूरा भुगतान करना अनिवार्य किया गया है। तय समय में भुगतान न होने पर बकाया राशि पर 15 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का प्रावधान रखा गया है।
ड्राफ्ट में यह भी कहा गया है कि यदि कोई चीनी मिल पूरे चीनी वर्ष के दौरान किसानों का बकाया नहीं चुका पाती है, तो उसे तीन महीने के भीतर पूरी राशि जिलाधिकारी के पास जमा करनी होगी, जिससे किसानों के भुगतान का निपटारा किया जाएगा। इस व्यवस्था को भुगतान अटकने की स्थिति में किसानों के लिए एक वैकल्पिक सुरक्षा कवच के रूप में देखा जा रहा है।
खांडसारी और गुड़ इकाइयों को भी नए नियमों के दायरे में लाने का प्रस्ताव है। इन इकाइयों को अब लाइसेंस लेना होगा और किसानों को उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) देना अनिवार्य होगा। ड्राफ्ट में कहा गया है कि हाल के वर्षों में इन इकाइयों द्वारा बड़े पैमाने पर गन्ना खरीदे जाने से चीनी मिलों को कच्चे माल की कमी का सामना करना पड़ा है, और यह कदम बाजार में संतुलन बनाए रखने में सहायक होगा।
नई चीनी मिलों की स्थापना के नियम भी पहले से कड़े किए गए हैं। अब किसी मौजूदा मिल के 25 किलोमीटर के दायरे में नई मिल स्थापित नहीं की जा सकेगी, जबकि पहले यह सीमा 15 किलोमीटर थी। इसके अलावा नई मिल लगाने के लिए दो करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देनी होगी और निर्धारित समयसीमा में उत्पादन आरंभ करना होगा।
एथेनॉल को चीनी उद्योग का प्रमुख उत्पाद मानने का भी प्रस्ताव ड्राफ्ट में शामिल है। इसके तहत यदि कोई मिल गन्ने के रस, शीरे या चीनी से सीधे एथेनॉल बनाती है, तो 600 लीटर एथेनॉल को एक टन चीनी के बराबर माना जाएगा। इससे मिलों के लिए आय के नए स्रोत खुलेंगे और उनकी वित्तीय स्थिति मजबूत होने से किसानों को भुगतान सुनिश्चित करना आसान होगा।
एफआरपी निर्धारण की प्रक्रिया में भी बदलाव का सुझाव दिया गया है। नए ड्राफ्ट में गन्ने की उत्पादन लागत, वैकल्पिक फसलों से प्राप्त लाभ, चीनी की बाजार उपलब्धता, रिकवरी दर तथा शीरा, बगास और प्रेस मड जैसे उप-उत्पादों से होने वाली आय को एफआरपी तय करते समय ध्यान में रखने का प्रावधान है।


















