मनीला: फिलीपींस के चीनी मिलरों ने शुक्रवार को आश्वस्त किया कि मध्य पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद देश में चीनी की आपूर्ति घरेलू और औद्योगिक दोनों मांगों को पूरा करने के लिए पर्याप्त से अधिक है। जीएमए न्यूज ने यह खबर प्रकाशित की।फिलिपीन शुगर मिलर्स एसोसिएशन (पीएसएमए) ने एक बयान में कहा कि उद्योग की इन्वेंटरी स्थिति मजबूत बनी हुई है और घरेलू चीनी आपूर्ति श्रृंखला में निरंतरता सुनिश्चित की जा रही है। हालांकि, संगठन ने यह भी स्वीकार किया कि मध्य पूर्व संकट से कृषि आदानों की लागत में वृद्धि हो सकती है।
पीएसएमए ने शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (एसआरए) के 5 अप्रैल तक के नवीनतम आपूर्ति एवं मांग आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि कच्ची चीनी का भंडार 6,77,624 मीट्रिक टन तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.59 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही परिष्कृत चीनी का भंडार 5,29,573 मीट्रिक टन दर्ज किया गया है। संगठन ने कहा कि, ये इन्वेंटरी स्तर बाजार में संभावित अस्थिरता को थामने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पीएसएमए के कार्यकारी निदेशक जीसस बेरेरा ने कहा कि एसआरए का नवीनतम डेटा यह स्पष्ट करता है कि उद्योग की इन्वेंटरी मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा कि उद्योग पूरी तरह सक्षम स्थिति में काम कर रहा है और निकट भविष्य की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है। उनके अनुसार प्राथमिकता इस संतुलन को बनाए रखना और एक स्थिर बाजार वातावरण सुनिश्चित करना है, जो उत्पादकों और उपभोक्ताओं दोनों के हित में हो।


















