नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण ऊर्जा आयात प्रभावित होने की आशंका के बीच केंद्र सरकार ने बाजार स्थिरता बनाए रखने के लिए वाणिज्यिक एलपीजी का आवंटन बढ़ाकर 70 प्रतिशत कर दिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि, यह कदम घरेलू उपभोक्ताओं और परिवहन क्षेत्र की जरूरतों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ देशभर में देखी जा रही घबराहट में खरीदारी को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव (मार्केटिंग एवं ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में बताया कि, कई एलपीजी वितरकों के यहां पैनिक बाइंग देखी जा रही है, हालांकि देश में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी वितरक पर आपूर्ति खत्म होने की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि 93 प्रतिशत आपूर्ति एलपीजी सिलेंडर के ऑथेंटिकेशन कोड के माध्यम से की जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी हुई है।
वाणिज्यिक क्षेत्र में अप्रैल महीने के दौरान 1,65,600 टन से अधिक एलपीजी की बिक्री हुई, जो मार्च के लगभग 1,29,500 टन की तुलना में ज्यादा है। ऑटो एलपीजी की बिक्री भी बढ़कर अप्रैल में 386 टन प्रतिदिन हो गई, जबकि वर्ष के पहले दो महीनों में यह 177 टन प्रतिदिन थी।छोटे सिलेंडर श्रेणी में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने 1 अप्रैल से अब तक 5 किलोग्राम के 19.5 लाख से अधिक सिलेंडर बेचे। इस दौरान 9,080 जागरूकता शिविर आयोजित किए गए, जहां 1.46 लाख सिलेंडर वितरित किए गए।
प्राकृतिक गैस के मोर्चे पर सरकार ने मार्च के बाद से 5.52 लाख से अधिक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन दिए हैं और 6.21 लाख नए उपभोक्ताओं ने नेटवर्क के लिए पंजीकरण कराया है। अब तक 42,600 पीएनजी उपभोक्ताओं ने अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर किए हैं।मंत्रालय ने बताया कि घरेलू एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी परिवहन की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित रखी गई है और बाहरी दबावों के बावजूद आपूर्ति श्रृंखला सामान्य बनी हुई है। पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी सामान्य है, हालांकि कुछ स्थानों पर घबराहट में खरीदारी देखी गई है।
अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए प्रवर्तन एजेंसियों ने 1,800 स्थानों पर जांच और छापेमारी की। इस दौरान 310 वितरकों पर कार्रवाई की गई और 71 एलपीजी वितरकों का संचालन निलंबित किया गया। सरकार ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की खरीद करें।(ANI)















