मनिला : सीनेटर इमी मार्कोस ने कहा कि, चीनी के आयात की अनुमति दिए जाने से स्थानीय स्तर पर चीनी की मिल-गेट कीमतों में लगभग 30% की गिरावट आई है। उन्होंने चीनी विनियामक प्रशासन से तुरंत आयात रोकने की मांग की।उन्होंने कहा, आयात से स्थानीय गन्ना किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। मार्कोस के अनुसार देश में पर्याप्त उत्पादन और उपलब्धता होने के बावजूद आयात जारी रखा गया, जिससे घरेलू चीनी की कीमतें नीचे चली गईं।कई किसानों को अब प्रति बैग 200 से 400 पेसो तक का नुकसान हो रहा है, जबकि बाजार में खुदरा कीमतों में उतनी कमी नहीं आई है।
सीनेटर ने कहा कि, जब देश में चीनी उपलब्ध है और आपूर्ति में कमी नहीं है, तब आयात का फैसला किसानों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से स्थानीय चीनी खरीदने और कीमतों को स्थिर करने के लिए कदम उठाने की मांग की, ताकि अधिक आपूर्ति से कीमतों में गिरावट रोकी जा सके। रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने पहले घरेलू उद्योग की चिंता को देखते हुए चीनी आयात पर रोक की बात कही थी, लेकिन आयात की अनुमति से किसानों की आय प्रभावित होने का मुद्दा फिर से उठ गया है। मामले पर नियामक एजेंसी से प्रतिक्रिया मांगी गई है।


















