देहरादून : उत्तराखंड विधानसभा में महिला आरक्षण पर बुलाए गए एक दिवसीय विशेष सत्र से ठीक पहले, सोमवार को विधानसभा के मुख्य गेट के बाहर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब झबरेड़ा से कांग्रेस विधायक वीरेन्द्र कुमार जाती गन्ने से भरी ट्रॉली लेकर पहुंचे और उसे सड़क पर पलट दिया। यह विरोध प्रदर्शन गन्ना किसानों के लंबे समय से लंबित बकाया भुगतान को लेकर किया गया। उत्तराखंड विधानसभा में महिला सम्मान और लोकतंत्र में महिलाओं के अधिकारों पर विशेष चर्चा के लिए सत्र बुलाया गया था।
विधायक जाती गन्ने से लदी ट्रॉली लेकर सीधे विधानसभा के मुख्य गेट पहुंचे और देखते-देखते ट्रॉली को पलट दिया।सड़क पर गन्ना बिखर जाने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आवागमन बाधित हो गया। मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल स्थिति पर नियंत्रण स्थापित किया और ट्रॉली हटाकर मार्ग साफ कराया।विधायक वीरेन्द्र जाती ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देना नहीं, बल्कि किसानों की दुर्दशा को सरकार के संज्ञान में लाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि, इकबालपुर शुगर मिल पर राज्य के गन्ना किसानों का करीब 110 करोड़ का बकाया है। बार-बार मांग उठाने के बाद भी न प्रबंधन ने ध्यान दिया और न सरकार ने कोई कदम उठाया, जिससे किसान आर्थिक संकट में घिरते जा रहे हैं।


















