बरेली : जिले के नवाबगंज में गन्ना किसानों का संयम एक बार फिर टूट गया। जब मंडल आयुक्त ने क्षेत्रीय विधायक की आपत्ति के आधार पर किसानों के बकाया भुगतान से जुड़ी नीलामी प्रक्रिया पर रोक लगा दी, तो आक्रोशित किसानों ने तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया।धरने को संबोधित करते हुए एडवोकेट सुनीता गंगवार ने कहा कि, क्षेत्र के लगभग 24 हजार गन्ना किसानों का भुगतान लंबे समय से लंबित पड़ा है। इन किसानों को न्याय दिलाने के लिए जब नीलामी की प्रक्रिया शुरू हुई और राहत मिलने की उम्मीद जगी, तभी मंडल आयुक्त ने उस पर रोक लगा दी।
किसानों ने एकजुट होकर इस बात पर कड़ा विरोध जताया कि, क्षेत्रीय विधायक की महज आपत्ति के आधार पर उस नीलामी प्रक्रिया को रोक दिया गया जो हजारों किसानों के बकाया भुगतान की उनकी एकमात्र उम्मीद थी। किसानों का कहना था कि, अगर प्रशासन इसी तरह जनप्रतिनिधियों के दबाव में आकर फैसले करता रहा, तो किसान के हक में न्याय कभी नहीं मिलेगा। धरने की शुरुआत में प्रशासन की ओर से कोई भी अधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं था, जिससे किसानों में असंतोष और बढ़ गया। हालांकि, कुछ समय बाद तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से मुलाकात की। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि, उनकी मांग मंडल आयुक्त तक पूरी ताकत के साथ पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही तहसीलदार ने 4 तारीख को मंडल आयुक्त से सीधी वार्ता कराने का भरोसा भी दिलाया।
तहसीलदार के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा की। हालांकि किसानों ने स्पष्ट कर दिया कि, यह केवल अस्थायी विराम है। यदि 4 तारीख की वार्ता में कोई ठोस परिणाम नहीं निकला तो आंदोलन को और बड़े पैमाने पर फिर से शुरू किया जाएगा। इस प्रदर्शन में वहीद अहमद अंसारी, महिला मोर्चा की अध्यक्ष जीनत अंसारी, सक्रिय सदस्य ब्रह्मानंद गंगवार, अर्जुन सिंह गंगवार, राम रतन गंगवार और खेमकरन पंडा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और किसान उपस्थित रहे।


















