सोलापुर : राज्य में चीनी मिलों के सामने आ रही कठिनाइयों और प्याज उत्पादकों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि गन्ना मिलों और प्याज से जुड़े मुद्दों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल केंद्र सरकार के पास ले जाकर मदद मांगी जाएगी। वे मंगलवार (28 अप्रैल) को बार्शी (जि. सोलापुर) में बोल रहे थे।
फडणवीस ने कहा कि, चीनी मिलों के सामने मौजूद समस्याओं के समाधान सुझाने के लिए सचिव स्तर की समिति बनाई गई है। इस समिति को आनेवाले सीजन से पहले किन-किन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, इसका आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मैं स्वयं केंद्र सरकार के पास जाऊंगा। इस प्रतिनिधिमंडल में विशेष रूप से गन्ना और प्याज उत्पादकों को शामिल किया जाएगा। फडणवीस ने बताया की, केंद्र से किस प्रकार की मदद मिल सकती है, यह देखने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
एफआरपी बढ़ने के बावजूद चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) नहीं बढ़ाया गया है। इससे चीनी मिलें कठिनाई में आ गई हैं, यह बात सरकार के ध्यान में लाई गई। इस पर मुख्यमंत्री ने चीनी उद्योग को मदद देने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री फडणवीस की मौजूदगी में 24 मार्च 2026 को मुंबई में चीनी उद्योग की समस्याओं पर चर्चा के लिए बैठक हुई थी। इस बैठक में समस्याओं के समाधान सुझाने के लिए समिति गठित करने के निर्देश दिए गए थे। उसी के अनुसार समिति का गठन किया गया है।


















