उज्बेकिस्तान में एथनॉल और सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) के संयुक्त उत्पादन के लिए एक अंतरराष्ट्रीय कंसोर्टियम ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस परियोजना के तहत देश का पहला एकीकृत कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा, जिसे दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में औद्योगिक ऑफ-गैस को एथेनॉल में बदला जाएगा, जबकि दूसरे चरण में इसी एथेनॉल को अपग्रेड कर सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल बनाया जाएगा। परियोजना से सालाना लगभग 80,000 टन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजना के तहत लैंजा टेक अपनी लैंजाफ्लेक्स तकनीक के माध्यम से औद्योगिक अपशिष्ट गैसों को एथेनॉल में बदलने की प्रक्रिया उपलब्ध कराएगी। वहीं लैंजाजेट अपनी अल्कोहल-टू-जेट तकनीक के जरिए एसएएफ उत्पादन और प्रमाणन में सहयोग करेगी। क्षेत्र की प्रमुख रासायनिक कंपनी नावोइयअज़ोट परियोजना के लिए औद्योगिक स्थल, आधारभूत ढांचा और फीडस्टॉक उपलब्ध कराएगी। स्विट्जरलैंड स्थित वीईएमए परियोजना के विकास, वित्तपोषण और प्रमाणन सेवाओं का समन्वय करेगी।
नावोइयअज़ोट के चेयरमैन फर्रुख समादोव ने कहा कि, यह पहल उज्बेकिस्तान में नई औद्योगिक तकनीकों के लिए रास्ता खोलेगी और एसएएफ उत्पादन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी, जिसका देश पर दीर्घकालिक सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। कंसोर्टियम के अनुसार यह परियोजना देश की डीकार्बोनाइजेशन रणनीति, औद्योगिक आधुनिकीकरण और स्वच्छ तकनीकों के विकास को समर्थन देगी।
वीईएमए के परियोजना निदेशक विताली नेगोदुइको ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तकनीक और स्थानीय संसाधनों को मिलाकर मध्य एशिया में बहु-विकल्पीय एसएएफ क्लस्टर विकसित किया जाएगा। परियोजना की व्यवहार्यता का आकलन करने के लिए अध्ययन भी किया जाएगा, जिसके आधार पर निवेश और तकनीकी संरचना तय की जाएगी।लैंजा टेक के अधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक उत्सर्जन को कचरे के बजाय संसाधन के रूप में उपयोग कर एथेनॉल और फिर एसएएफ उत्पादन संभव है। वहीं लैंजाजेट के अनुसार उज्बेकिस्तान में एसएएफ उत्पादन का एक रणनीतिक केंद्र बनने की क्षमता मौजूद है।


















