पेट्रोल और डीजल का भारत के सार्वजनिक परिवहन में कोई भविष्य नहीं : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

नई दिल्ली : भू-राजनीतिक उथलपुथल के कारण आपूर्ति श्रृंखला पर उजागर हुए जोखिमों के बीच वैकल्पिक ईंधन के व्यापक उपयोग को लेकर बहस तेज होती जा रही है। इसी पृष्ठभूमि में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को साफ कह दिया कि, जीवाश्म ईंधन का भारत के सार्वजनिक परिवहन में कोई भविष्य नहीं है।उन्होंने इसके लिए बढ़ते वायु प्रदूषण और देश की जीवाश्म ईंधन आयात पर भारी निर्भरता को जिम्मेदार बताया।

इकॉनॉमिक टाइम्स में प्रकशित खबर के अनुसार, बसवर्ल्ड इंडिया 2026 शिखर सम्मेलन में बोलते हुए गडकरी ने कहा कि डीजल और पेट्रोल वाहनों का कोई भविष्य नहीं है और अगर वाहन निर्माता बदलने को तैयार नहीं हैं तो उन्हें सावधान हो जाना चाहिए। उन्होंने निर्माताओं और बेड़ा संचालकों से हाइड्रोजन, एथेनॉल, सीएनजी, एलएनजी और विद्युत इंजन जैसे स्वच्छ ईंधन की ओर तेजी से बढ़ने का आग्रह किया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस दिशा में मंत्रालय पहले ही हाइड्रोजन परिवहन के लिए पायलट परियोजनाएँ शुरू कर चुका है। टाटा मोटर्स, वॉल्वो, अशोक लेलैंड और महिंद्रा एवं महिंद्रा जैसी प्रमुख भारतीय कंपनियाँ हाइड्रोजन ईंधन परीक्षणों में पहले से शामिल हैं।गडकरी ने बताया कि, अभी 10 मार्गों पर हाइड्रोजन ट्रक और हाइड्रोजन बसें चलाई जा रही हैं और हाइड्रोजन ही भविष्य का ईंधन है। फ्लेक्स ईंधन को लेकर मीडिया रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने एथेनॉल को भी एक प्रमुख वैकल्पिक ईंधन बताया और कहा कि भारत कई स्रोतों से एथेनॉल उत्पादन करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि, अभी पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाया जा रहा है और अब फ्लेक्स इंजन बनाने की प्रक्रिया चल रही है।

वैकल्पिक ईंधन के अलावा गडकरी ने सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने पर भी जोर दिया। अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए अब बस पंजीकरण के लिए भौतिक और वीडियो दोनों प्रारूपों में स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा और इसे वाहन पोर्टल पर अपलोड करना होगा। यह पहले की स्वयं प्रमाणन व्यवस्था की जगह लेगा। उन्होंने कहा कि भौतिक और वीडियो निरीक्षण के बिना बसों का पंजीकरण नहीं होगा।साथ ही उन्होंने बताया कि संशोधित मानकों से प्रभावित छोटे बस बॉडी निर्माताओं की मदद के लिए मंत्रालय आरएआई के परीक्षण शुल्क में लगभग 50 प्रतिशत की कमी और तेज प्रमाणन प्रक्रिया जैसे कदम उठाएगा।

क्षमता विस्तार के संदर्भ में गडकरी ने सभी बस बॉडी निर्माताओं और वाहन निर्माताओं से केवल लागत पर नहीं बल्कि गुणवत्ता, सुरक्षा और आराम पर ध्यान देने की अपील की। अगले तीन वर्षों में अकेले विद्युत बसों की माँग 1.5 लाख तक पहुँचने का अनुमान है जबकि मौजूदा उत्पादन क्षमता सालाना करीब 70,000 बसों की है। इसलिए उन्होंने उद्योग से क्षमता को कम से कम तीन गुना बढ़ाने का आह्वान किया और कहा कि उद्योग को लागत केंद्रित नहीं बल्कि गुणवत्ता केंद्रित होना चाहिए।

वर्तमान में भारत में प्रति हजार लोगों पर मात्र दो बसें हैं जबकि वैश्विक औसत आठ बसों का है, जो एक बड़ी कमी को दर्शाता है। गडकरी ने बस डिजाइन में उम्र से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि, दिव्यांग लोगों और वरिष्ठ नागरिकों का ख्याल रखना जरूरी है और सभी शहरी बसों में हाइड्रॉलिक नीलिंग प्रणाली होनी चाहिए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here