केप टाउन : दक्षिण अफ्रीका सरकार के व्यापार और उद्योग विभाग ने चीनी उत्पादक कंपनी टोंगाट हुलेट के संभावित परिसमापन के बीच चीनी क्षेत्र और उससे जुड़े रोजगारों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। यह बयान उस चिंता के बाद आया है, जिसमें 134 वर्ष पुरानी इस कंपनी के एक और असफल बचाव प्रयास के बाद उसके बंद होने का खतरा बढ़ गया है। टोंगाट हुलेट के बंद होने से क्वाज़ुलु-नटाल की स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लग सकता है और दक्षिण अफ्रीका, इस्वातिनी, जिम्बाब्वे और मोजाम्बिक में हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।
कंपनी के बिजनेस रेस्क्यू प्रैक्टिशनर्स ने फंडिंग वार्ता विफल होने और विजन कंसोर्टियम की नई मांगों के बाद अब अस्थायी परिसमापन के लिए आवेदन दायर किया है। व्यापार और उद्योग विभाग के प्रवक्ता कामिल अली ने कहा कि, सरकार उन पक्षों के साथ खड़ी होगी जो इस परिसमापन का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, सरकार का मानना है कि परिसमापन अंतिम विकल्प होना चाहिए, खासकर तब जब किसी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कंपनी को बचाने की संभावना मौजूद हो, जिससे रोजगार, उत्पादन क्षमता और व्यापक अर्थव्यवस्था की रक्षा हो सके।
उन्होंने आगे कहा कि, विभाग का मानना है कि टोंगाट हुलेट को स्थिर कर पुनर्गठित किया जा सकता है, जिससे श्रमिकों, गन्ना उत्पादकों, समुदायों, लेनदारों और देश के हितों के बीच संतुलन बनाया जा सके। इसी उद्देश्य से विभाग अन्य सरकारी संस्थाओं के साथ मिलकर कंपनी के परिसमापन का विरोध करेगा और एक स्थायी समाधान खोजने के प्रयास जारी रखेगा।


















