ब्राज़ील में 2026/27 फसल वर्ष के दौरान गन्ना उत्पादन 5.3% बढ़ने की उम्मीद : CONAB

साओ पाउलो : ब्राज़ील में 2026/27 फसल वर्ष के दौरान गन्ना उत्पादन में 5.3 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है, जिससे उत्पादन बढ़कर 709.1 मिलियन टन तक पहुंच सकता है। यह अनुमान ब्राज़ील की राष्ट्रीय आपूर्ति कंपनी कोनाब (CONAB) द्वारा जारी पहले आकलन में सामने आया है। यदि यह अनुमान सही साबित होता है, तो यह 2023/24 सत्र के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी फसल होगी।

इस महीने से शुरू हुए नए सत्र में अधिक उत्पादन का अनुमान बेहतर उत्पादकता और अधिक क्षेत्र में बुवाई की संभावना के आधार पर लगाया गया है।CONAB के अनुसार, 2025 के अनुकूल मौसम का सकारात्मक प्रभाव वर्तमान फसल पर पड़ेगा, जिससे औसत उत्पादकता में 3.4 प्रतिशत की वृद्धि होकर यह 77.753 टन प्रति हेक्टेयर तक पहुंच सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ने का कुल कटाई क्षेत्र भी 1.9 प्रतिशत बढ़कर 9.1 मिलियन हेक्टेयर होने का अनुमान है, जो CONAB के इतिहास में सबसे बड़ा क्षेत्र हो सकता है।देश के प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्र दक्षिण-पूर्व में, जो कुल उत्पादन का लगभग 65 प्रतिशत हिस्सा है, 459.1 मिलियन टन उत्पादन का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.8 प्रतिशत अधिक है। इस क्षेत्र में कटाई क्षेत्र 2.1 प्रतिशत बढ़कर 5.7 मिलियन हेक्टेयर और औसत उत्पादकता 6.4 प्रतिशत बढ़कर 80.852 टन प्रति हेक्टेयर होने की उम्मीद है।

अधिक गन्ना उत्पादन और चीनी की तुलना में एथेनॉल के बेहतर बाजार मूल्य के कारण जैव ईंधन उत्पादन में भी 7.1 प्रतिशत वृद्धि होकर 29.26 अरब लीटर तक पहुंचने का अनुमान है। इसमें हाइड्रेटेड एथेनॉल, जो सीधे पेट्रोल पंपों पर बेचा जाता है, 18.29 अरब लीटर रहने की संभावना है, जो पिछले वर्ष से 6.3 प्रतिशत अधिक है।

गन्ने से बनने वाले एन्हाइड्रस एथेनॉल (जिसका उपयोग पेट्रोल में मिश्रण के लिए होता है) का उत्पादन 10.97 अरब लीटर रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष से 8.4 प्रतिशत अधिक है। वहीं मक्का से बनने वाले एथेनॉल उत्पादन में भी 12.3 प्रतिशत की वृद्धि होकर 11.43 अरब लीटर तक पहुंचने की उम्मीद है। इसमें 7.15 अरब लीटर हाइड्रेटेड और 4.28 अरब लीटर एन्हाइड्रस एथेनॉल शामिल होगा।

कुल मिलाकर 2026/27 सत्र में ब्राज़ील का कुल एथेनॉल उत्पादन 40.69 अरब लीटर तक पहुंच सकता है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.5 प्रतिशत अधिक होगा और एक नया रिकॉर्ड बना सकता है। हालांकि, चीनी उत्पादन में मामूली गिरावट की संभावना है और यह 0.5 प्रतिशत घटकर 43.95 मिलियन टन रह सकता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, वैश्विक स्तर पर अधिक आपूर्ति, खासकर भारत और थाईलैंड जैसे बड़े उत्पादकों में उत्पादन सुधार के कारण, अंतरराष्ट्रीय चीनी कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। वहीं एथेनॉल की कीमतें जीवाश्म ईंधनों की कीमतों पर निर्भर रहेंगी, हालांकि इसकी आपूर्ति पर्याप्त रहने की उम्मीद है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here