पीलीभीत (उत्तर प्रदेश): जिले में गन्ना विभाग ने नए पेराई सत्र 2026-27 की तैयारी के तहत जीपीएस आधारित गन्ना सर्वेक्षण कार्य शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत किसानों को सर्वे स्लिप भी वितरित की जा रही है। जिले में वर्तमान में चार चीनी मिलें संचालित हो रही हैं और सर्वेक्षण के लिए कुल 144 टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में पीलीभीत में 44, मझोला में 6, पूरनपुर में 31, बीसलपुर में 38 और बरखेड़ा में 25 टीमें कार्य कर रही हैं। जिले में करीब 2.36 लाख गन्ना किसान हैं, जिनके खेतों का सर्वे आधुनिक जीपीएस तकनीक के माध्यम से किया जा रहा है।
किसान सहकारी चीनी मिल, पूरनपुर द्वारा इस सर्वे अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई है। पूरनपुर मिल क्षेत्र में 1 मई से शुरू हुआ यह सर्वे 30 जून तक चलेगा। इसके लिए 12 विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो 169 गांवों के 12,147 किसानों के गन्ना क्षेत्र और फसल की किस्म का सटीक रिकॉर्ड तैयार करेंगी। सर्वेक्षण कार्य की निगरानी के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। गन्ना पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य करें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या गलत जानकारी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
गन्ना सर्वे को चीनी मिलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसी के आधार पर गन्ने का आवंटन और आगामी पेराई सत्र में चीनी उत्पादन का अनुमान तय किया जाता है। सर्वे के पहले दिन नौगवां और हुसैनापुर गांवों का निरीक्षण भी किया गया।अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे सर्वे टीमों का सहयोग करें, ताकि यह प्रक्रिया समयबद्ध और सफलतापूर्वक पूरी हो सके।


















