ताशकंद : मार्च में उज्बेकिस्तान यूक्रेनी चीनी के शीर्ष तीन निर्यात गंतव्यों में शामिल हो गया और अप्रैल तक वह इसका सबसे बड़ा बाजार बन सकता है। यह जानकारी यूक्रत्सुकोर संघ की प्रमुख याना कावुशेव्स्का ने दी। उनके अनुसार निर्यात के इस बदलते रुख की वजह पारंपरिक परिवहन मार्गों में आई बाधाएं हैं, जो सामान्य परिस्थितियों में नहीं होता। फारस की खाड़ी में जारी संकट के कारण मध्य पूर्व, खासकर संयुक्त अरब अमीरात से मध्य एशियाई देशों को होने वाली चीनी की आपूर्ति घट गई है।इससे यूक्रेनी निर्यातकों के लिए एक नया अवसर खुल गया है।
कावुशेव्स्का ने बताया कि, मौजूदा हालात में यूक्रेन से काला सागर, जॉर्जिया, अजरबैजान और कैस्पियन सागर होते हुए चीनी भेजने का जटिल और महंगा रास्ता भी अब प्रतिस्पर्धी और फायदेमंद साबित हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि, इसके साथ-साथ यूक्रेन सीरिया और लेबनान जैसे मध्य पूर्वी बाजारों में भी अपना निर्यात जारी रखे हुए है। यूरोपीय संघ को चीनी का निर्यात भी पूर्व निर्धारित कोटे के दायरे में जारी है। मौजूदा विपणन वर्ष की शुरुआत से अब तक यूक्रेन 4,26,000 टन चीनी का निर्यात कर चुका है, जो पिछले सत्र की तुलना में 12 प्रतिशत कम है। हालांकि 1 सितंबर तक यह आंकड़ा 5,00,000 टन तक पहुंच सकता है।















