बलरामपुर (उत्तर प्रदेश): अच्छी बारिश के बाद जिले में खेती-किसानी ने गति पकड़ ली है और गन्ने की फसल में यूरिया उर्वरक की टॉप ड्रेसिंग का काम तेजी से शुरू हो गया है। खेतों में किसानों की सक्रियता बढ़ गई है और उर्वरक की मांग भी तेज हो गई है। किसान खाद के लिए विक्रेताओं से संपर्क कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जिले में सभी प्रकार के उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरकों का उपयोग संतुलित मात्रा में करें और आवश्यकता से अधिक यूरिया का प्रयोग न करें। 4 मई तक जिले में यूरिया, डीएपी, एमओपी, एनपीके और सिंगल सुपर फास्फेट की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने बताया कि, 15 मई से साधन सहकारी समितियों के माध्यम से ऐप आधारित उर्वरक वितरण प्रणाली शुरू की जाएगी। किसानों को उर्वरक खरीदते समय आधार कार्ड और खतौनी साथ रखने तथा फार्मर रजिस्ट्री कराने की सलाह दी गई है। जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार ने कहा कि वर्तमान मौसम गन्ने के लिए अनुकूल है, इसलिए समय पर टॉप ड्रेसिंग करना बेहद जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अधिक मात्रा में यूरिया का उपयोग फसल को नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए संतुलित प्रयोग ही बेहतर उत्पादन के लिए लाभकारी है। खरीफ अभियान 2026-27 के तहत 1 अप्रैल से 3 मई तक जिले में विभिन्न उर्वरकों का वितरण भी किया जा चुका है, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो रही है।















