नई दिल्ली: भारत में चीनी उत्पादन में गिरावट की आशंकाओं के बावजूद सरकार फिलहाल निर्यात पर कोई प्रतिबंध लगाने के पक्ष में नहीं है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, बाजार में स्थिर कीमतें इस बात का संकेत हैं कि मांग में कमी ने उत्पादन में आई कमी के असर को संतुलित कर दिया है। रॉयटर्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, ब्राजील के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी निर्यातक भारत पहले ही 15.9 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति दे चुका है, यह मानते हुए कि उत्पादन घरेलू मांग से अधिक रहेगा। हालांकि, प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में पैदावार घटने के कारण अब लगातार दूसरे वर्ष उत्पादन खपत से कम रहने की संभावना है।
इसके अलावा, अल नीनो के प्रभाव से मानसून प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे अगले सीजन के उत्पादन पर असर पड़ सकता है। इन परिस्थितियों के चलते बाजार में यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि सरकार चीनी निर्यात पर नियंत्रण लगा सकती है। लेकिन सरकारी सूत्रों का कहना है कि देश में फिलहाल आपूर्ति पर्याप्त है और निर्यात पर रोक लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है। एक अधिकारी ने ‘रॉयटर्स’ को बताया कि ताजा उत्पादन आंकड़ों की समीक्षा के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया है कि अभी निर्यात प्रतिबंध की जरूरत नहीं है।सरकार का मुख्य उद्देश्य बाजार में पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखना और कीमतों को स्थिर रखना है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 15.9 लाख टन निर्यात में से अब तक करीब 5.3 से 5.4 लाख टन चीनी भेजी जा चुकी है, जबकि 8 लाख टन से अधिक के अनुबंध हो चुके हैं।हालांकि, हाल के हफ्तों में घरेलू कीमतों में मजबूती और ईरान से जुड़े भू-राजनीतिक तनाव के कारण लॉजिस्टिक समस्याओं के चलते नए सौदों की गति धीमी पड़ी है। वर्तमान सत्र (सितंबर 2026 तक) में भारत का चीनी उत्पादन 28 मिलियन टन से अधिक होने की संभावना नहीं है, जो लगभग वार्षिक मांग के बराबर है। देश ने 2025-26 सीजन की शुरुआत लगभग 50 लाख टन के स्टॉक के साथ की थी। दुनिया के सबसे बड़े उपभोक्ता भारत में हाल के महीनों में चीनी की मांग में भी नरमी आई है। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण रसोई गैस की कमी बढ़ी है, जिससे होटल और रेस्टोरेंट क्षेत्र की मांग प्रभावित हुई है। इसके अलावा आइसक्रीम और सॉफ्ट ड्रिंक बनाने वाली कंपनियों की मांग में भी गिरावट देखी गई है।


















