कर्नाटक : 3,650 प्रति टन एफआरपी अन्यायपूर्ण, गन्ना उत्पादक संगठन का आरोप

मैसूरू : राज्य गन्ना उत्पादक संघ ने केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2026–27 के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) ₹3,650 प्रति टन तय किए जाने का विरोध किया है। संगठन ने इस मूल्य को किसानों के लिए अपर्याप्त और अन्यायपूर्ण बताया है। संघ के राज्य संगठन सचिव अत्ताहल्ली देवराज ने एक बयान में कहा कि, केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 10.25% शुगर रिकवरी वाले गन्ने के लिए घोषित मूल्य वास्तविक उत्पादन लागत से कम है।उन्होंने बताया कि, कर्नाटक सरकार ने खेती की लागत को ध्यान में रखते हुए ₹4,450 प्रति टन की सिफारिश की थी और केंद्र से एफआरपी में संशोधन करते समय इस पर विचार करने की मांग की।

संघ ने कहा कि, वर्तमान मूल्य निर्धारण से किसान गन्ने की खेती छोड़ने के लिए मजबूर हो सकते हैं। संगठन ने एफआरपी को तुरंत बढ़ाकर कम से कम ₹4,500 प्रति टन करने की मांग की है। संघ ने आरोप लगाया कि, चीनी मिलें चीनी, एथेनॉल, बिजली और खाद जैसे उप-उत्पादों से भारी कमाई करने के बावजूद किसानों का शोषण कर रही हैं। मिलें अक्सर भुगतान में देरी करती हैं और सरकारी निर्देशों का पालन नहीं करतीं। देवराज ने केंद्र सरकार से शुगर कंट्रोल एक्ट, 1966 में संशोधन करने और भुगतान नियमों व अन्य प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले मिल मालिकों के खिलाफ कड़े दंडात्मक प्रावधान लागू करने की मांग की।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here