महाराष्ट्र सरकार ने 1 जून से शीरा और शराब परिवहन पर ई-लॉक अनिवार्यता बढ़ाई

मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने शीरा, अल्कोहल और शराब के परिवहन की निगरानी को और सख्त करने के लिए ई-लॉक और डिजिटल लॉक प्रणाली के दायरे का विस्तार कर दिया है। इस योजना का दूसरा चरण 1 जून 2026 से लागू होगा।राज्य के गृह विभाग ने इस संबंध में एक सरकारी प्रस्ताव जारी किया है। इसका उद्देश्य आबकारी वस्तुओं के परिवहन, अंतरराज्यीय आवाजाही तथा आयात-निर्यात से जुड़े माल की निगरानी को मजबूत करना है। दूसरे चरण के तहत अब उन वाहनों पर भी डिजिटल लॉक अनिवार्य होगा, जो महाराष्ट्र से होकर अन्य राज्यों में शीरा, अल्कोहल या शराब लेकर जाते हैं। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट परमिट के तहत राज्य में प्रवेश करने वाले वाहनों को भी इस नियम के दायरे में शामिल किया गया है।

के-फॉर्म पंजीकरण के तहत अन्य राज्यों से शराब आयात करने वाले वाहन तथा कस्टम बॉन्डेड गोदामों से राज्य के लाइसेंसधारी परिसरों तक आयातित शराब ले जाने वाले वाहन भी इस व्यवस्था में शामिल होंगे। नई व्यवस्था में डिनैचर्ड स्पिरिट ले जाने वाले टैंकरों को भी शामिल किया गया है, चाहे वे राज्य के भीतर जा रहे हों या बाहर। भारतीय बंदरगाहों के माध्यम से निर्यात के लिए भेजे जाने वाले माल पर भी यह नियम लागू होगा। इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र के बंदरगाहों पर आयातित शराब, जिसे बाद में अन्य राज्यों में भेजा जाता है, और अन्य राज्यों से महाराष्ट्र के बंदरगाहों तक निर्यात के लिए लाए गए माल को भी इस विस्तारित व्यवस्था के अंतर्गत रखा गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ई-लॉक प्रणाली के तहत परिवहन वाहनों पर छेड़छाड़-रोधी डिजिटल लॉक लगाए जाते हैं, जिससे माल की रियल-टाइम ट्रैकिंग और निगरानी संभव होती है।इस योजना का पहला चरण 1 जुलाई 2025 से लागू किया गया था, जिसमें डिस्टिलरी से भेजे जाने वाले रेक्टिफाइड स्पिरिट तथा लाइसेंसधारी इकाइयों से शराब और बीयर के निर्यात माल पर ई-लॉक अनिवार्य किया गया था। सरकार के अनुसार पहला चरण सफलतापूर्वक लागू होने के बाद अब इसे अन्य श्रेणियों तक विस्तारित किया गया है।

सरकार ने निर्देश दिया है कि इस विस्तारित दायरे में आने वाले सभी वाहनों में निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ई-लॉक सिस्टम लगाना अनिवार्य होगा। केवल सरकार द्वारा अनुमोदित विक्रेता ही इन उपकरणों की आपूर्ति कर सकेंगे।राज्य सरकार ने अन्य राज्यों के आबकारी विभागों को भी इस नियम की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं, ताकि महाराष्ट्र में प्रवेश करने वाले वाहनों पर समन्वित तरीके से निगरानी रखी जा सके। सरकार का कहना है कि, इस विस्तारित व्यवस्था का उद्देश्य चोरी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना, नियमों के पालन को सुनिश्चित करना और संवेदनशील आबकारी वस्तुओं की आवाजाही पर निगरानी को मजबूत करना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here