बेंगलुरु : गोदावरी बायोरिफायनरीज लिमिटेड इस तिमाही में उत्तर कर्नाटक में अपना अनाज और मक्का आधारित एथेनॉल प्लांट चालू करने की तैयारी में है। यह कदम कंपनी की कच्चे माल के स्रोतों में विविधता लाने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक समीर सोमैया ने बताया कि, मक्का आधारित एथेनॉल प्लांट प्रतिदिन लगभग 2 लाख लीटर उत्पादन क्षमता जोड़ेगा और इसे उत्तर कर्नाटक में पहले से चल रहे चीनी और एथेनॉल प्लांट परिसर के साथ ही स्थापित किया जाएगा। इस विस्तार के बाद कंपनी की कुल एथेनॉल उत्पादन क्षमता मौजूदा करीब 6 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़कर लगभग 8 लाख लीटर प्रतिदिन हो जाएगी।
वार्षिक आधार पर देखें तो नया प्लांट चालू होने के बाद कंपनी का एनॉल उत्पादन मौजूदा करीब 10 करोड़ लीटर से बढ़कर लगभग 16 करोड़ लीटर होने का अनुमान है। कंपनी ने मक्का और अनाज आधारित एथेनॉल प्लांट में करीब 130 करोड़ रुपये का निवेश किया है। गोदावरी बायोरिफायनरीज जैव परिष्करण के क्षेत्र में काम करती है और कृषि कच्चे माल से चीनी, जैव ईंधन और जैव रसायन तैयार करती है। सोमैया ने बताया कि, फिलहाल एथेनॉल का योगदान कंपनी के कुल कारोबार में लगभग एक तिहाई है। अभी तक कंपनी एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के रस और शीरे का उपयोग करती है। उन्होंने कहा कि, उत्तर कर्नाटक में अनाज आधारित प्लांट लगाना रणनीतिक रूप से फायदेमंद है क्योंकि यह क्षेत्र गन्ने और मक्के की खेती के लिए समृद्ध है।
चीनी मिल के साथ अनाज एथेनॉल प्लांट को एक ही स्थान पर लगाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि गन्ने की पेराई से निकलने वाली खोई आसानी से मिल जाती है, जिसे अनाज प्लांट की भाप और ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे बाहरी ईंधन पर निर्भरता कम होती है और समग्र परिचालन दक्षता बेहतर होती है। गन्ने और अनाज दोनों से एथेनॉल बनाने की दोहरी क्षमता कंपनी को अधिक लचीलापन देगी, जलवायु संबंधी जोखिम घटाएगी और इथेनॉल सम्मिश्रण को बढ़ावा देने की सरकारी नीति तथा अनाज आधारित एथेनॉल की बढ़ती मांग के अनुरूप होगी। एथेनॉल के अलावा कंपनी एथेनॉल से बने 20 से अधिक किस्मों के जैव रसायनों का उत्पादन करती है, जो कई उद्योगों और निर्यात बाजारों में आपूर्ति किए जाते हैं। पिछले सत्र में कंपनी ने करीब 25 लाख टन गन्ने की पेराई की।


















