रायबरेली : ब्लॉक राही के ग्राम बेला भेला, उत्तरपारा में भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ और कृषि विज्ञान केंद्र, दरियापुर के संयुक्त तत्वावधान में “उर्वरकों के संतुलित प्रयोग” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। प्रशिक्षण के दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने मिट्टी की सेहत सुधारने और फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को कई उपयोगी सुझाव दिए। कृषि विज्ञान केंद्र दरियापुर के अध्यक्ष डॉ. के. के. सिंह ने किसानों से बुवाई से पहले मृदा परीक्षण कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि इससे मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी का सही आकलन होता है और उसी आधार पर यूरिया, डीएपी तथा पोटाश का संतुलित उपयोग किया जा सकता है।
भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश दुबे ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरक क्षमता लगातार घट रही है। उन्होंने किसानों को रासायनिक खादों के साथ जैविक खाद का नियमित प्रयोग करने की सलाह दी, जिससे उर्वरकों की उपयोग क्षमता बढ़ती है और मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहती है।उद्यान वैज्ञानिक डॉ. एस. वी. सिंह ने किसानों को गोबर की खाद के साथ रासायनिक उर्वरकों का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने एनपीके के साथ-साथ जिंक, सल्फर, बोरॉन और कैल्शियम जैसे सूक्ष्म पोषक तत्वों के संतुलित प्रयोग पर भी जोर दिया। साथ ही किसानों को जलभराव या तेज बारिश के दौरान यूरिया का प्रयोग न करने की सलाह दी, क्योंकि इससे नाइट्रोजन का नुकसान होता है।
वैज्ञानिक डॉ. आर. के. कनौजिया ने किसानों को छोटे स्तर पर वर्मी यूनिट स्थापित कर वर्मीकंपोस्ट तैयार करने की तकनीक की जानकारी दी। उन्होंने आगामी खरीफ सीजन में लागत और श्रम कम करने के लिए धान की सीधी बुवाई तकनीक के फायदे भी बताए। प्रक्षेत्र प्रबंधक दीप कुमार ने कहा कि संतुलित उर्वरक उपयोग का मुख्य उद्देश्य मिट्टी की सेहत को ध्यान में रखते हुए फसल की आवश्यकता अनुसार नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश उपलब्ध कराना है। इससे उत्पादन बढ़ने के साथ लागत कम होती है और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।















