चेन्नई (तमिलनाडु) : पीएमके नेता अंबुमणि रामदास ने गन्ने के खरीद मूल्य में हाल ही में की गई बढ़ोतरी को अपर्याप्त बताते हुए सरकार की आलोचना की है। उनका कहना है कि, यह वृद्धि खेती की लगातार बढ़ती लागत के मुकाबले बेहद कम है और इससे किसानों को कोई बड़ी राहत नहीं मिलेगी। अंबुमणि रामदास ने सरकार से तुरंत गन्ने का खरीद मूल्य ₹4,500 प्रति टन निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उत्पादन और परिवहन लागत को देखते हुए किसान ₹5,000 प्रति टन तक की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि, एक टन गन्ना उत्पादन की लागत बढ़कर करीब ₹3,300 तक पहुंच गई है। किसानों को बढ़ती मजदूरी, महंगे उर्वरक, ईंधन की बढ़ती कीमतें, सिंचाई खर्च और परिवहन लागत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रामदास ने कहा कि, किसानों को उत्पादन लागत पर कम से कम 50 प्रतिशत लाभ मिलना चाहिए, ताकि खेती टिकाऊ बन सके और गन्ना किसानों की आजीविका सुरक्षित रहे।उन्होंने कहा कि गन्ने का खरीद मूल्य आदर्श रूप से ₹5,000 प्रति टन तय किया जाना चाहिए।
पीएमके नेता ने तमिलनाडु सरकार से खरीद मूल्य नीति पर पुनर्विचार करने और किसानों के हित में नया मूल्य घोषित करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को उचित मूल्य नहीं मिला, तो वे गन्ने की खेती छोड़ सकते हैं, जिसका असर चीनी उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। इस बयान के बाद तमिलनाडु में कृषि मूल्य निर्धारण और किसान कल्याण को लेकर बहस फिर तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में किसान संगठन भी संशोधित खरीद मूल्य की मांग को लेकर दबाव बढ़ा सकते हैं।


















