हावेरी : कर्नाटक के हावेरी जिले में गन्ना किसानों ने बुधवार को अपना आंदोलन तेज कर दिया। किसानों ने बांकापुर टोल प्लाजा के पास नेशनल हाईवे जाम कर चीनी मिलों से गन्ने का भाव 3,600 रुपये प्रति टन देने की मांग की। डेक्कन हेराल्ड में प्रकाशित खबर के मुताबिक, इस आंदोलन के कारण हुबली और बेंगलुरु के बीच हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।गन्ना उत्पादक किसान समन्वय समिति के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन के दौरान किसानों ने टोल बूथ भी बंद करा दिए, जिससे टोल प्लाजा से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। बाद में यातायात को सावनूर और बांकापुर के रास्ते डायवर्ट किया गया।
मंत्री के आवास के बजाय टोल प्लाजा पर प्रदर्शन
किसानों ने शुरुआत में रणेबेन्नूर स्थित चीनी मंत्री रुद्रप्पा लामाणी के आवास के सामने प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। हालांकि, मंत्री के आवास और आसपास के क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू किए जाने के बाद आंदोलन का स्थान बदलकर बांकापुर टोल प्लाजा कर दिया गया।पुलिस अधीक्षक यशोदा वंतगोडी ने प्रदर्शनकारियों को आंदोलन वापस लेने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। कुछ किसान बसों के नीचे लेट गए, जबकि अन्य प्रदर्शनकारियों ने वाहन चालकों से उनकी मांग का समर्थन करने की अपील की।
कर्नाटक के अन्य जिलों के किसानों का भी समर्थन
बेलगावी के किसान नेता चुन्नप्पा पुजेर ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर हावेरी के गन्ना उत्पादक किसानों को अपना समर्थन दिया। राज्य के विभिन्न हिस्सों से भी किसानों ने आंदोलन के प्रति एकजुटता जताई है। किसानों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया है। अलग से, गुरुवार को कुछ किसानों ने रणेबेन्नूर में मंत्री रुद्रप्पा लामाणी के आवास के बाहर प्रदर्शन करने का प्रयास किया। इनमें महिला किसान भी शामिल थीं। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और उन्हें पुलिस थाने ले जाया गया। हालांकि, बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
चीनी मिल मालिकों के दबाव में मंत्री : किसान नेता का आरोप
किसान नेता हनुमंतप्पा कबर ने आरोप लगाया कि, मंत्री चीनी मिल मालिकों की मांगों के आगे झुक रहे हैं। उन्होंने उत्तर कर्नाटक के सभी क्षेत्रों में गन्ने का एक समान भाव लागू करने की मांग की।उन्होंने कहा कि उत्तर कर्नाटक के किसानों को भी बेलगावी में मिलने वाले गन्ने के भाव के समान दर मिलनी चाहिए। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी 3,600 रुपये प्रति टन की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

















