दक्षिण अफ्रीका में जलवायु-स्मार्ट गन्ना खेती को मिल रही नई गति, किसान हरित अर्थव्यवस्था की दिशा में निभा रहे महत्वपूर्ण भूमिका

केप टाउन : दक्षिण अफ्रीका के गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में छोटे किसान टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने और हरित अर्थव्यवस्था की दिशा में देश के बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जोजिनी में आयोजित एक कार्यशाला में किसानों, तकनीकी विशेषज्ञों, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व संयुक्त राष्ट्र ने किया, जबकि तकनीकी सहयोग संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन (UNIDO) और समर्थन जॉइंट एसडीजी फंड की ओर से दिया गया।कार्यशाला में बढ़ते जलवायु और आर्थिक दबावों के बीच गन्ना उद्योग को अधिक मजबूत, समावेशी और टिकाऊ बनाने पर चर्चा की गई।यह पहल दक्षिण अफ्रीका में पर्यावरणीय स्थिरता और आर्थिक समावेशन को साथ लेकर चलने वाली “जस्ट एनर्जी ट्रांजिशन” रणनीति का हिस्सा है।विशेषज्ञों ने बताया कि, ग्रामीण समुदाय बेरोजगारी, ऊर्जा असुरक्षा और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।ऐसे में कम-कार्बन विकास मॉडल को स्थानीय रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ना बेहद जरूरी हो गया है।

पिछले दो दशकों में दक्षिण अफ्रीका के चीनी उद्योग में छोटे गन्ना किसानों की संख्या लगभग 50 हजार से घटकर करीब 25 हजार रह गई है।उत्पादन लागत में वृद्धि, संरचनात्मक असमानता, बाजार और वित्त तक सीमित पहुंच इसके प्रमुख कारण बताए गए हैं। साथ ही उद्योग पर उत्सर्जन कम करने, आधुनिक तकनीक अपनाने और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के अनुसार खुद को ढालने का दबाव भी बढ़ रहा है।कार्यशाला में पुनर्योजी कृषि, जलवायु-स्मार्ट तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रीन फाइनेंस व कार्बन क्रेडिट जैसे नवाचार आधारित वित्तीय मॉडल पर चर्चा की गई। बैठक का एक प्रमुख परिणाम दक्षिण अफ्रीका के गन्ना उद्योग मास्टर प्लान के अनुरूप एक रोडमैप तैयार करना रहा, जिसका उद्देश्य अधिक प्रतिस्पर्धी और टिकाऊ चीनी उद्योग विकसित करना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कार्यशाला में सबसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों में से एक विकेंद्रीकृत प्रसंस्करण परियोजना थी, जिसके तहत गन्ने के अपशिष्ट को बिजली, एथेनॉल और बायो-ऑयल जैसे नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादों में बदला जाएगा। इससे उत्सर्जन में कमी आएगी और किसानों के लिए अतिरिक्त आय के नए स्रोत तैयार होंगे। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा उपलब्धता भी बेहतर होगी।किसानों का मानना है कि गन्ने के कचरे से ऊर्जा उत्पादन करने से बिजली खर्च कम होगा, आय में सुधार आएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर अवसर तैयार होंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here