बर्लिन : 2025 में जर्मनी में बायोडीजल की खपत सालाना आधार पर 12% बढ़कर 22 लाख टन हो गई। फरवरी महीने में करीब 2 लाख 15 हजार टन की खपत के साथ एक नया मासिक रिकॉर्ड दर्ज किया गया। इसी दौरान ईंधन मिश्रणों में एचवीओ यानी हाइड्रोट्रीटेड वनस्पति तेल का उपयोग 17% घट गया, क्योंकि रिफाइनरी संचालकों ने मानक बी7 ईंधन मिश्रण में सस्ते बायोडीजल के जरिये पर्यावरण कोटे को पूरा करना बेहतर समझा। यह जानकारी जर्मन तेल एवं प्रोटीन पादप संवर्धन संघ यूएफओपी की ओर से सामने आई है।मिश्रणों में एचवीओ की हिस्सेदारी घटने के बावजूद एचवीओ100 की बिक्री 1 लाख 32 हजार 700 टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई, हालांकि यह ईंधन पारंपरिक बायोडीजल की तुलना में अब भी महंगा है। वहीं शुद्ध बी100 बायोडीजल की बिक्री अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई।
विश्लेषकों का अनुमान है कि, 2026 में मांग और मजबूत होगी, क्योंकि ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कटौती कोटा 10.6% से बढ़कर 12.1% हो जाएगा और दोहरी गिनती के नियमों में भी संशोधन किया जाएगा। इसके साथ ही यूएफओपी के विशेषज्ञों ने संघीय आर्थिक मामले एवं निर्यात नियंत्रण कार्यालय बीएएफए की ओर से जैव ईंधन और जीवाश्म ईंधन खपत के आधिकारिक आंकड़े जारी करने में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की है। इस देरी की वजह से कारोबारी बदलते पर्यावरण नियमों के बीच बाजार का सही समय पर आकलन करने और खरीद की योजना बनाने में असमर्थ हो जाते हैं। जैव ईंधन उपयोग के अद्यतन आंकड़े जारी होने के बाद रेपसीड और जैव ईंधन उत्पादन में कच्चे माल के रूप में काम आने वाली अन्य कृषि जिंसों की कीमतों में बदलाव आने की संभावना है।
ईरान के साथ चल रहे युद्ध की वजह से तेल की कीमतों में 50% की उछाल आई है, जिससे जैव ईंधन की मांग को सहारा मिल रहा है। हालांकि मांग में कोई तेज बढ़ोतरी नहीं देखी गई, इसीलिए पेरिस एक्सचेंज पर अगस्त के रेपसीड वायदा अनुबंध इस संघर्ष के दौरान केवल 8.2% चढ़कर 509.75 यूरो प्रति टन यानी 602.9 डॉलर प्रति टन के स्तर पर पहुंचे हैं।


















