महाराष्ट्र : हरणेश्वर शुगर मिल जांच के घेरे में; राज्य सरकार ने बनाई सात सदस्यीय समिति

पुणे : इंदापुर तालुका के कडबनवाड़ी स्थित हरणेश्वर शुगर मिल के वित्तीय लेनदेन में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए महाराष्ट्र सरकार के सहकार, विपणन और वस्त्रोद्योग विभाग ने सात सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता राज्य के शुगर आयुक्त करेंगे और इस समिति को एक महीने के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। समिति में क्षेत्रीय सहनिदेशक (शुगर) को सदस्य सचिव बनाया गया है। इसके अलावा बारामती के उपविभागीय अधिकारी, पुणे के सह जिला निबंधक, इंदापुर के विभागीय उपनिबंधक, पुणे के जिला उपनिबंधक और बारामती के पुलिस निरीक्षक को भी समिति में शामिल किया गया है।

भाजपा नेता और शिकायतकर्ता माउली चवरे ने इस फैसले का स्वागत करते हुए दावा किया कि, किसानों की मालिकाना हक वाली लगभग 300 करोड़ रुपये मूल्य की इस मिल को मात्र 13 करोड़ रुपये में बेचने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि, जांच में इस पूरे मामले का खुलासा होगा। साथ ही उन्होंने इस प्रकरण की विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराने की मांग भी दोहराई। साल 2000 में क्षेत्र के किसानों ने मिलकर गन्ना और बीट से चीनी एवं एथेनॉल उत्पादन के लिए हरणेश्वर शुगर मिल की स्थापना का निर्णय लिया था। करीब 12,500 किसानों ने 12 करोड़ रुपये की पूंजी लगाई थी। इसके अलावा 200 एकड़ जमीन खरीदी गई और बैंक से 45 करोड़ रुपये का कर्ज लिया गया। बाद में विभिन्न आर्थिक समस्याओं के कारण मिल संकट में फंस गई।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मिल को बचाने के लिए प्रबंधन ने वन टाइम सेटलमेंट का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद प्रबंधन और निवेशकों ने 82 करोड़ रुपये का नीलामी प्रस्ताव भी रखा, लेकिन इसे ठुकराकर केवल 13 करोड़ रुपये में नीलामी प्रक्रिया शुरू किए जाने का आरोप लगाया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मिल की लगभग 150 एकड़ जमीन के रिकॉर्ड में कथित रूप से हेरफेर किया गया। “कारखाना पड़” की जगह “माळपड” दर्ज कर जमीन का बाजार मूल्य कम दिखाने का आरोप लगाया गया है। उस समय सरकारी रेडीरेकनर के अनुसार जमीन की कीमत करीब 63 करोड़ रुपये थी, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 113 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

माउली चवरे वर्ष 2021 से इस मामले को लगातार उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, कुछ राजस्व अधिकारियों, नीलामी प्रक्रिया से जुड़े लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों ने मिलीभगत कर मिल की संपत्ति को कम कीमत पर बेचने की साजिश रची। वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री को शिकायत दिए जाने के बाद आखिरकार सहकार विभाग ने जांच समिति गठित करने का फैसला लिया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here