पुणे : महाराष्ट्र में वर्ष 2025-26 का गन्ना पेराई सीजन समाप्त हो गया है। इस बार औसतन 105 दिनों तक पेराई मौसम चला और राज्य में कुल 10 करोड़ 45 लाख 58 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई। इससे 99 लाख 18 हजार मीट्रिक टन चीनी उत्पादन प्राप्त हुआ है। राज्य में इस सीजन में औसत 9.49 प्रतिशत चीनी रिकवरी दर्ज की गई है। यह जानकारी राज्य के शुगर आयुक्तालय की अंतिम रिपोर्ट में सामने आई है।रिपोर्ट के अनुसार, गन्ना पेराई के मामले में पुणे और सोलापुर विभाग सबसे आगे रहे, जबकि चीनी उत्पादन और रिकवरी में कोल्हापुर विभाग ने अपना दबदबा कायम रखा।
राज्य में 102 सहकारी और 107 निजी मिलों सहित कुल 209 शुगर मिलों ने इस सीजन में पेराई कार्य किया। इन सभी मिलों की संयुक्त दैनिक पेराई क्षमता लगभग 10 लाख 7 हजार 800 मीट्रिक टन रही। पिछले सीजन 2024-25 की तुलना में इस बार गन्ना पेराई और चीनी उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। पिछले वर्ष 199 मिलों ने 853.82 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की थी, जबकि इस बार लगभग 191.76 लाख मीट्रिक टन अधिक गन्ने की पेराई हुई। साथ ही चीनी उत्पादन में भी 182.51 लाख क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पुणे विभाग की 32 मिलों ने 222.55 लाख मीट्रिक टन और सोलापुर विभाग की 49 मिलों ने 222.05 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की। वहीं, कोल्हापुर विभाग की 38 मिलों ने 210.46 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई करते हुए सबसे अधिक 231.91 लाख क्विंटल चीनी उत्पादन और 11.02 प्रतिशत रिकवरी हासिल की। विभागवार रिकवरी की बात करें तो पुणे में 9.88 प्रतिशत और सोलापुर में 8.61 प्रतिशत चीनी रिकवरी दर्ज की गई। चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने बताया कि, मंत्री समिति द्वारा तय की गई रणनीति के अनुसार पेराई सीजन का सफल नियोजन किया गया। उन्होंने कहा कि, आगामी वर्षों में दैनिक पेराई क्षमता बढ़ाने और 150 दिनों के पेराई लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए गन्ना उत्पादकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।


















