अमेरिकी चीनी उद्योग में ऑटोमेटिक ट्रैक्टरों की सबसे बड़ी तैनाती, यू.एस. शुगर ने शुरू किया नया अभियान

क्लेविस्टन : यू.एस. शुगर ने अमेरिकी चीनी उद्योग में स्वायत्त (ऑटोनॉमस) ट्रैक्टरों के सबसे बड़े व्यावसायिक उपयोग की शुरुआत की घोषणा की है। कंपनी ने दक्षिण फ्लोरिडा में अपनी 2.55 लाख एकड़ कृषि भूमि पर बिना चालक वाले जॉन डीयर ट्रैक्टरों का बेड़ा तैनात किया है। यह स्वायत्त तकनीक अमेरिकन कंपनी ऑटोनॉमस सॉल्यूशंस इंक. (एएसआई) द्वारा विकसित की गई है, जबकि फ्लोरिडा स्थित जॉन डीयर वितरक एवरग्लेड्स इक्विपमेंट ग्रुप ने इसमें सहयोग दिया है।

यू.एस. शुगर के नए स्वायत्त बेड़े में चार जॉन डीयर 8आर सीरीज़ और एक जॉन डीयर 9आर सीरीज़ ट्रैक्टर शामिल हैं, जो सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे गन्ने के खेतों में काम कर सकते हैं। पारंपरिक रूप से इन ट्रैक्टरों को चालक चलाते थे, लेकिन अब इन्हें एएसआई के व्हीकल ऑटोमेशन किट (वीएके) से लैस किया गया है, जिससे वे केंद्रीय कमांड स्टेशन की निगरानी में स्वचालित रूप से संचालन कर सकते हैं। एक ऑपरेटर एएसआई के मोबियस प्लेटफॉर्म के जरिए कई ट्रैक्टरों की निगरानी करेगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

यू.एस. शुगर के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी केन मैकडफी ने कहा कि, कंपनी हमेशा नवाचार और मेहनत को अमेरिकी परिवारों तक खाद्य आपूर्ति बनाए रखने का सबसे अच्छा तरीका मानती रही है। उन्होंने कहा कि, अमेरिकी तकनीक के उपयोग से उत्पादन क्षमता और कार्यकुशलता बढ़ेगी, जिससे घरेलू खाद्य आपूर्ति अधिक विश्वसनीय बनेगी और कर्मचारियों के लिए नए उच्च कौशल वाले रोजगार अवसर भी तैयार होंगे। इन स्वायत्त ट्रैक्टरों से खेतों में सटीकता, उत्पादन क्षमता, टिकाऊ खेती और भूमि तैयारी की विश्वसनीयता में सुधार देखने को मिला है। इस तकनीक का परीक्षण कंपनी ने 18 महीने के अनुसंधान और विकास चरण के दौरान अपने खेतों में किया था।

कंपनी ने कहा कि, स्वायत्त तकनीक लागू करने के बावजूद मौजूदा कर्मचारियों को बनाए रखा जाएगा और उन्हें नई भूमिकाओं तथा स्वायत्त ट्रैक्टर संचालन के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कंपनी ज्ञान-आधारित तकनीकी कौशल वाले कर्मचारियों की भर्ती पर भी जोर दे रही है। यू.एस. शुगर ने इस परियोजना के लिए एएसआई को चुना, जो औद्योगिक ऑफ-रोड वाहन स्वचालन में वैश्विक स्तर पर अग्रणी कंपनी मानी जाती है। एएसआई लॉजिस्टिक्स, भारी निर्माण और लैंडस्केपिंग जैसे कई क्षेत्रों के साथ काम करती है ताकि कार्यकुशलता, सुरक्षा और उत्पादकता बढ़ाई जा सके।

एएसआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेल टॉरी ने कहा कि, यह परियोजना दिखाती है कि
ऑटोमेटिक तकनीक अब भविष्य की अवधारणा नहीं बल्कि व्यावहारिक और बड़े स्तर पर लागू की जा सकने वाली तकनीक है, जो किसानों को कम संसाधनों में अधिक उत्पादन करने, सुरक्षा बढ़ाने और वैश्विक मांग के अनुरूप काम करने में मदद करती है। फ्लोरिडा मुख्यालय वाली एवरग्लेड्स इक्विपमेंट ग्रुप ने इन अत्याधुनिक ट्रैक्टरों की आपूर्ति की है। कंपनी के अध्यक्ष माइक श्लेचर ने कहा कि, जॉन डीयर की भरोसेमंद मशीनरी को अत्याधुनिक स्वायत्त तकनीक के साथ जोड़कर किसानों की उत्पादकता, सटीकता और संसाधन दक्षता बढ़ाई जा रही है।

कंपनी ने सफल परीक्षण के बाद अपने कृषि कार्यों में स्वायत्त ट्रैक्टरों के उपयोग को बड़े स्तर पर विस्तार देने का निर्णय लिया है। अगले दशक में यह तकनीक यू.एस. शुगर की 2.55 लाख एकड़ कृषि भूमि में लागू की जाएगी, जो लगभग 400 वर्ग मील क्षेत्र के बराबर है। वर्तमान में इसका उपयोग गन्ना खेती की भूमि तैयारी और खेती में किया जा रहा है, जबकि भविष्य में स्वीट कॉर्न और ग्रीन बीन्स जैसी फसलों में भी इस तकनीक का विस्तार करने की योजना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here