कुआलालंपुर : मलेशिया की शुगर टैक्स नीति के कारण कम चीनी वाले उत्पादों और वैकल्पिक स्वीटनर तकनीकों की मांग तेजी से बढ़ रही है। खाद्य एवं पेय पदार्थ (एफ एंड बी) कंपनियां अब सरकारी नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं की बदलती पसंद को ध्यान में रखते हुए अपने उत्पादों में चीनी की मात्रा कम करने पर जोर दे रही हैं। उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि, बढ़ती स्वास्थ्य जागरूकता और कम चीनी वाले स्वस्थ विकल्पों की मांग ने कंपनियों को ऐसे समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया है, जो स्वाद से समझौता किए बिना चीनी की मात्रा कम कर सकें। इसके चलते आधुनिक स्वीटनर तकनीकें एफ एंड बी उद्योग का तेजी से उभरता और महत्वपूर्ण हिस्सा बनती जा रही हैं।
मलेशिया ने मोटापे और मधुमेह जैसी गैर-संचारी बीमारियों पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से 1 जुलाई 2019 को शुगर टैक्स लागू किया था। इसके बाद से उद्योग जगत में उत्पाद विकास की रणनीतियों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।विशेष रूप से पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियों ने कम या शून्य चीनी वाले बेहतर स्वाद वाले उत्पादों की दिशा में तेजी से काम शुरू किया है। इससे वैकल्पिक स्वीटनर, मिश्रण तकनीक और फ्लेवर सुधार तकनीकों का उपयोग बढ़ा है।
के3 एफ एंड बी कंपनी के निदेशक डैन वांग ने बताया कि, शुगर टैक्स के बाद उनकी कंपनी के चीनी कम करने वाले समाधानों की मांग बढ़ी है। उन्होंने कहा कि, उनकी कंपनी की खासियत स्वीटनर तकनीक और अनुसंधान एवं विकास क्षमता है, खासकर ऐसे मिश्रित स्वीटनर तैयार करने में जो स्टेविया जैसे वैकल्पिक स्वीटनर के बाद आने वाले कड़वे स्वाद को कम करते हैं। उन्होंने कहा कि, स्वीटनर तकनीक सिर्फ चीनी का विकल्प नहीं है, बल्कि अलग-अलग स्वीटनर के स्वाद को संतुलित कर बेहतर अनुभव देना भी इसका हिस्सा है।
के3 एफ एंड बी “लेस्वीट ग्लोबल” ब्रांड का विपणन करती है, जिसकी स्थापना 2019 में चीन की जिनहे इंडस्ट्रियल कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन यांग ले ने की थी। यह कंपनी दुनिया की बड़ी स्वीटनर सामग्री निर्माता कंपनियों में शामिल है और वैश्विक खाद्य एवं पेय कंपनियों को सप्लाई करती है। दोनों कंपनियों ने मिलकर “लेस्वीट एशिया (एमवाई) एसडीएन बीएचडी” की स्थापना की है, जिसका उद्देश्य मलेशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया में शून्य कैलोरी और कम चीनी वाले उत्पादों का विस्तार करना है।
डैन वांग ने कहा कि, अब उपभोक्ता इस विचार को स्वीकार करने लगे हैं कि पेय पदार्थ स्वादिष्ट होने के साथ-साथ स्वास्थ्यवर्धक भी हो सकते हैं। कंपनी का नया प्लेटफॉर्म शून्य कैलोरी सिरप, स्वीटनर समाधान, इलेक्ट्रोलाइट पेय, सॉस और अन्य कम चीनी वाले उत्पादों के विस्तार पर काम करेगा। कंपनी ने भविष्य में पहांग राज्य के कुआंतान में एक विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने की योजना बनाई है, जो 2027 या 2028 तक शुरू हो सकता है। यह संयंत्र मुख्य रूप से मलेशिया और मध्य पूर्व के निर्यात बाजारों की जरूरतें पूरी करेगा।
कंपनी ने मलेशिया के कई बड़े उपभोक्ता ब्रांड जैसे जेडयूएस कॉफी, टीलाइव, केएफसी, सीक्रेट रेसिपी और संतान के साथ साझेदारी भी की है। इसके अलावा, लेस्वीट एशिया इस वर्ष खुदरा और ई-कॉमर्स बाजार में भी प्रवेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी के उत्पाद इस वर्ष की तीसरी या चौथी तिमाही तक ऑनलाइन और रिटेल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकते हैं।


















