बलरामपुर : जिले में पेराई सत्र 2026-27 को लेकर गन्ना सर्वेक्षण एवं सत्यापन अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है। विभिन्न विकासखंडों में किसानों की उपस्थिति में गन्ना सर्वेक्षण कार्य कराया जा रहा है, ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे। इसके साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सर्वे प्रक्रिया की जानकारी देकर जागरूक भी किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत गजह्नवा मजरा भरहा रतोहा तथा सुदर्शनजोत मजरा नारायणपुर दयालीडीह में अधिकारियों की मौजूदगी में गन्ना सर्वेक्षण और सत्यापन कार्य संपन्न कराया गया। अभियान के दौरान पेड़ी गन्ना किसान अनिता पत्नी दुखहरण के गन्ना क्षेत्र का सत्यापन भी अधिकारियों और किसानों की उपस्थिति में किया गया।
अधिकारियों ने किसानों के साथ बैठक कर उन्हें गन्ना सर्वेक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। किसानों से अपील की गई कि वे अपनी मौजूदगी में ही सर्वेक्षण कराएं, जिससे सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ पूरा हो सके।विशेषज्ञों ने किसानों को गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए जरूरी कृषि तकनीकों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पेड़ी और पौधा गन्ना फसल में उचित नमी होने पर यूरिया की टॉप ड्रेसिंग जरूर करनी चाहिए। इससे गन्ने में कल्लों का फुटाव बेहतर होता है और फसल का विकास तेजी से होता है। इस अभियान में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक तुलसीपुर, सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड तुलसीपुर, प्रबंधक (गन्ना) Rajesh Kumar Chaudhary, बिजनेस सिंह सीडीओ, सर्वे कर्मी नवनीत सिंह, तुलसीपुर शुगर मिल के अधिकारी किशोर यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


















