किंग्स्टन : गैर-मादक मीठे पेय पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद उत्पादकों से अपने उत्पादों में बदलाव करने की अपील की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को सस्ते और अधिक स्वास्थ्यवर्धक विकल्प मिल सकें, जबकि स्वाद की गुणवत्ता भी बनी रहे। यह अपील वैज्ञानिक अनुसंधान परिषद (एसआरसी) की कार्यकारी निदेशक डॉ. चाराह वॉटसन ने की है। उन्होंने कहा कि, एसआरसी नए चीनी नियमों का पालन करने में उत्पादकों की मदद करने के लिए तैयार है, ताकि उपभोक्ताओं के अनुभव से समझौता किए बिना उत्पादों को नया रूप दिया जा सके।
डॉ. वॉटसन ने कहा कि, एसआरसी उत्पादकों को उत्पादों के पुनर्गठन, उपयुक्त विकल्पों की पहचान और आवश्यक गुणवत्ता परीक्षण में सहयोग दे रहा है। इसके अलावा उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया जानने के लिए परीक्षण भी कराए जा रहे हैं, ताकि नए उत्पाद बाजार की जरूरतों के अनुरूप हों।सरकार ने 2026-27 के बजट में राजस्व बढ़ाने के उपायों के तहत अतिरिक्त चीनी या कैलोरी युक्त गैर-मादक पेय पदार्थों पर प्रति मिलीलीटर 0.02 डॉलर का विशेष उपभोग कर लागू किया है। यह कर 1 मई से प्रभावी हो चुका है।
सरकार का कहना है कि, इस कदम का उद्देश्य राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ जमैका की आबादी में बढ़ रही गैर-संचारी बीमारियों पर नियंत्रण करना भी है।डॉ. वॉटसन के अनुसार, चीनी की मात्रा कम करने के लिए उत्पादों में बदलाव करना उपभोक्ताओं और उत्पादकों दोनों के लिए फायदेमंद हो सकता है। इससे एक ओर लोगों के स्वास्थ्य में सुधार होगा, वहीं दूसरी ओर कंपनियां नए कर ढांचे में प्रतिस्पर्धी बनी रह सकेंगी।
उन्होंने कहा कि, एसआरसी उद्योगों को ऐसे उत्पाद विकसित करने में मदद कर रहा है जो निर्धारित चीनी स्तर के अनुरूप हों। यह प्रक्रिया धीरे-धीरे लागू की जा रही है ताकि उपभोक्ताओं की स्वाद संबंधी आदतों में भी बदलाव लाया जा सके।डॉ. वॉटसन ने बताया कि, बड़े उत्पादक पहले से ही कम चीनी वाले विकल्पों पर काम कर रहे हैं। वर्ष 2018 से स्कूलों में छात्रों के लिए अधिक स्वास्थ्यवर्धक विकल्प उपलब्ध कराने पर चर्चा शुरू होने के बाद कई कंपनियों ने कम चीनी वाले उत्पाद बाजार में उतारने शुरू कर दिए थे।उन्होंने कहा कि, अब नई नीति के तहत अधिक कंपनियों को अपने उत्पादों में चीनी की मात्रा घटाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है और कई कंपनियां लगातार एसआरसी के साथ मिलकर इस दिशा में काम कर रही हैं।















