मॉस्को : रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बुधवार को कहा कि, रूस से होने वाली ऊर्जा आपूर्ति में भारत के हित प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि रूस, भारत को स्थिर ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करता रहेगा, भले ही वैश्विक स्तर पर “अनुचित प्रतिस्पर्धा” की स्थिति क्यों न हो। भारत में होने वाली ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले आरटी इंडिया को दिए एक साक्षात्कार में लावरोव ने कहा कि, रूस भू-राजनीतिक तनावों के बावजूद अपने साझेदार देशों के साथ किए गए समझौतों का सम्मान करता रहा है। उन्होंने अमेरिका पर आरोप लगाया कि, वह दुनिया भर के “सभी ऊर्जा मार्गों पर कब्जा” करने की कोशिश कर रहा है।
लावरोव ने कहा कि, अमेरिका वैश्विक ऊर्जा गलियारों पर प्रभुत्व स्थापित करना चाहता है और रूस के साथ ऊर्जा संबंध बनाए रखने वाले देशों पर दबाव डाल रहा है। उन्होंने कहा, अमेरिका का उद्देश्य सभी महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों पर नियंत्रण करना है। मुझे विश्वास है कि, भारत स्थिति को अच्छी तरह समझता है। उन्होंने आगे कहा, मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि रूस से होने वाली ऊर्जा आपूर्ति के मामले में भारत के हित प्रभावित नहीं होंगे और हम पूरी कोशिश करेंगे कि यह अनुचित प्रतिस्पर्धा हमारे आपसी समझौतों पर असर न डाले।
रूसी विदेश मंत्री ने पश्चिमी देशों, विशेष रूप से यूरोपीय देशों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने राजनीतिक कारणों से रूस की ऊर्जा आपूर्ति पर निर्भरता कम की है। उनके अनुसार, यह फैसला बाजार परिस्थितियों के बजाय रूस को “सजा देने” की मानसिकता से प्रेरित है। लावरोव ने कहा, यूरोपीय देश अब रूस से गैस और तेल खरीद पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि वे रूस को दंडित करना चाहते हैं। लेकिन रूस किसी को दंडित नहीं करता और अपने सभी समझौतों का ईमानदारी से पालन करता है।”
उन्होंने कहा कि, रूस अपने मित्र और गैर-मित्र दोनों देशों के साथ किए गए समझौतों का सम्मान करता है और रूसी परंपरा के अनुसार वादों को निभाता है। लावरोव ने पश्चिमी देशों पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वे इतिहास और समझौतों को नजरअंदाज कर आर्थिक प्रभुत्व स्थापित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, पश्चिमी देशों की अलग परंपरा है। वे इतिहास और समझौतों को खत्म करने तथा दूसरों की कीमत पर जीने की कोशिश करते हैं।
यूरोप की मौजूदा ऊर्जा स्थिति का जिक्र करते हुए लावरोव ने दावा किया कि रूसी तेल और गैस पर प्रतिबंधों के कारण यूरोप आर्थिक और ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि, अब यूरोपीय देशों को महंगी अमेरिकी एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) पर निर्भर होना पड़ेगा। लावरोव ने कहा कि, रूस से ऊर्जा आयात पर रोक लगाने का मतलब है कि यूरोप को अधिक कीमत पर अमेरिकी एलएनजी खरीदनी पड़ेगी, जिससे संकट और गहरा सकता है। यूक्रेन संघर्ष के बाद रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों और वैश्विक ऊर्जा बाजार में जारी तनाव के बीच लावरोव का यह बयान सामने आया है।















