नई दिल्ली : भारत की एथेनॉल उत्पादन क्षमता बढ़कर लगभग 2,000 करोड़ लीटर हो गई है, जबकि वित्त वर्ष 2027 तक अतिरिक्त 400 करोड़ लीटर क्षमता और शुरू होने की संभावना है। यह जानकारी CareEdge Ratings की एक नई रिपोर्ट में सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, E20 ब्लेंडिंग कार्यक्रम के तहत एथेनॉल की मांग केवल लगभग 1,100 करोड़ लीटर है, जबकि गैर-ईंधन उपयोग की मांग करीब 300 से 350 करोड़ लीटर के बीच है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि, उपलब्ध एथेनॉल का केवल 60 प्रतिशत ही उपयोग हो पा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में उपयोग क्षमता पर दबाव बढ़ रहा है। अतिरिक्त उत्पादन के कारण उद्योग अब समेकन के दौर में प्रवेश कर चुका है और अगले तीन वर्षों तक उपयोग दर 65 से 75 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है।उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे कुछ राज्यों में एथेनॉल उत्पादन क्षमता तेजी से बढ़ी है, जिससे क्षेत्रीय असंतुलन भी पैदा हुआ है। महाराष्ट्र में लगभग 277 करोड़ लीटर का अधिशेष है, जबकि तमिलनाडु में 77 करोड़ लीटर की कमी बताई गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि, इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) गतिविधियों की गति अब धीमी होने लगी है और उद्योग का फोकस ब्राउनफील्ड निवेश, उत्पादन क्षमता सुधार और परिचालन दक्षता बढ़ाने पर शिफ्ट हो रहा है।रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि लगभग 700 करोड़ लीटर अतिरिक्त आपूर्ति के कारण उद्योग के लाभ मार्जिन पर दबाव बना हुआ है। नीरज थोरात ने कहा, उच्च एथेनॉल मिश्रण की ओर बढ़ना परिचालन, उपभोक्ता और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई चुनौतियां लेकर आया है, हालांकि 2026-27 तक मांग लगभग 1,200 करोड़ लीटर और 2029-30 तक 1,600 करोड़ लीटर तक पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों (एफएफवी) की हिस्सेदारी बढ़ानी होगी। अनुमान है कि वित्त वर्ष 2028 तक नए वाहन बिक्री में इनकी हिस्सेदारी 5 प्रतिशत से बढ़कर 2030 तक 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही लॉजिस्टिक्स, स्टोरेज और वितरण ढांचे में बड़े निवेश की जरूरत होगी ताकि आपूर्ति बाधाओं से बचा जा सके और एथेनॉल को सुचारु रूप से अपनाया जा सके। रिपोर्ट में कहा गया है कि, भविष्य में मांग बढ़ाने के लिए E85 और E100 जैसे उच्च एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन और फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को तेजी से अपनाना जरूरी होगा। यदि ऐसा नहीं हुआ तो निकट भविष्य में नई उत्पादन क्षमता का पूरा उपयोग संभव नहीं हो पाएगा।भारत ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम के तहत दिसंबर 2025 में औसतन 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य निर्धारित समय से पांच साल पहले ही हासिल कर लिया था।
इसके बाद सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने E85 और शुद्ध एथेनॉल ईंधन को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय मोटर वाहन नियमों में संशोधन का मसौदा जारी किया। विशेषज्ञों के अनुसार, एथेनॉल वैश्विक स्तर पर एक टिकाऊ और स्वच्छ ईंधन के रूप में उभर रहा है। इससे ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कम करने, ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूती देने और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने में मदद मिल रही है।


















