कोल्हापुर (महाराष्ट्र) : मंत्री हसन मुश्रीफ ने शुक्रवार को गन्ना किसानों से अपील की कि, जिन्होंने जुलाई 2024 से जून 2025 के बीच फसल ऋण लिया है, वे 30 जून 2026 से पहले अपने बकाया ऋण का भुगतान कर दें। ऐसा करने पर ही किसान राज्य सरकार की प्रस्तावित कर्जमाफी योजना और समय पर ऋण चुकाने के लिए दिए जाने वाले 50,000 रुपये के प्रोत्साहन लाभ के पात्र बन सकेंगे। कोल्हापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री मुश्रीफ ने बताया कि, राज्य सरकार ने “पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर शेतकरी कर्जमाफी योजना 2026” लागू की है। इस योजना के तहत 30 जून 2025 तक बकाया 2 लाख रुपये तक के फसल ऋण माफ किए जाएंगे। इसके अलावा, वर्ष 2022 से 2025 के बीच नियमित रूप से ऋण चुकाने वाले किसानों को 50,000 रुपये का प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।
मंत्री मुश्रीफ ने कहा कि, गन्ना फसल के मामले में ऋण आमतौर पर एक वर्ष के लिए दिया जाता है और अगले वर्ष 30 जून तक उसका भुगतान करना होता है। उन्होंने कहा, इस व्यवस्था से किसानों को शुगर मिलों से भुगतान प्राप्त होने के बाद बैंक ऋण चुकाने में सुविधा होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, किसानों को अपनी पात्रता सुनिश्चित करने के लिए वर्ष 2024-25 के बकाया ऋण 30 जून से पहले चुकाने होंगे, ताकि उनके खाते नियमित हो सकें और वे प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर सकें। साथ ही, चालू वर्ष के ऋण का भुगतान करना भी 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी का लाभ लेने के लिए अनिवार्य होगा। कोल्हापुर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष भी रहे मुश्रीफ ने कहा कि, बैंक की वसूली दर राज्य के जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों में सबसे बेहतर है। फसल ऋण की वसूली दर 91 से 99 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई है।


















